मिशन 2023 और रास चुनाव की कवायद, सभी दिग्गजों को समन्वय के लिए बुलाया

भोपाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ डिनर डिप्लोमेसी के जरिए प्रदेश कांग्रेस के सभी नेताओं के बीच समन्वय करने जा रहे हैं। समन्वय को लेकर यह दूसरी बैठक होगी, जिसमें एक नेता को और शामिल किया गया है, जिन्हें पिछली बैठक में बुलाया नहीं गया था। यह पूरी कवायद मिशन 2023 के साथ ही राज्यसभा के आगामी चुनाव को लेकर भी अहम मानी जा रही है। कमलनाथ ने 20 अप्रैल को प्रदेश कांग्रेस के चुनिंदा नेताओं को डिनर पर बुलाया है। इस डिनर पार्टी में इस बार राज्यसभा के सदस्य विवेक तन्खा को भी बुलाया गया है।

इससे पहले 4 अप्रैल को भी प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के साथ कमलनाथ ने बैठक की थी,लेकिन इस बैठक में विवेक तन्खा को नहीं बुलाया गया था। अब इस बैठक में विवेक तन्खा के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव, अजय सिंह जैसे दिग्गजों को डिनर के लिए बुलाया गया है। इस डिनर में प्रदेश कांग्रेस की समन्वय समिति और वचन पत्र समिति के बाकी के सदस्य भी शामिल होंगे। इस बैठक को बहुत ही अहम बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि जिलों में कांग्रेस विधायकों और संगठन के साथ ही अन्य प्रमुख नेताओं के बीच में समन्वय को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। जिससे चुनाव के डेढ़ साल पहले ही कांग्रेस नेताओं और स्थानीय विधायकों के बीच समन्वय बना रहे, ताकि ऐन वक्त पर कांग्रेस समन्वय की चिंता से मुक्त रहे।

हाल ही में बनी वचन पत्र समिति को इस बार कैसे काम करना है। आम जनता के मुद्दे स्थानीय स्तर पर कैसे एकत्रित करना है। किसानों, वकीलों, ओबीसी, व्यापारी, सरकारी कर्मचारियों, रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने सहित अन्य की मांगों को कैसे एकत्रित करना है। इनके सम्मेलन कैसे आयोजित करना है। इन सभी की मांगों और मुद्दों को लेकर किस स्तर पर जाकर उन्हें पार्टी अपना वचन देगी। गौरतलब है कि कांग्रेस ने पिछले चुनाव समन्वय और अपने वचन पत्र के आधार पर जीत का रास्ता तय किया था। इसलिए इस बार भी इन दोनों समितियों को सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *