तापमान बढ़ने से तीखी हुई धूप, तपिश से लोग परेशान
भोपाल
राजधानी में एक बार फिर से गर्मी के तेवर तीखे होने लगे हैं। जम्मू और उसके आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ समाप्त होने से वापस गर्म हवाओं का प्रैशर बढ़ने लगा है। वर्तमान में प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली भी सक्रिय नहीं है। इस वजह एक बार फिर दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक दो दिन तक तापमान बढ़ेगा। इसके बाद 19 अप्रैल से एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत पहुंचने पर तापमान में फिर गिरावट होने का अनुमान है।
प्रदेश में कल सबसे अधिक 43 डिग्री सेल्सियस तापमान खजुराहो एवं खरगोन में दर्ज किया गया। लगातार दूसरे दिन प्रदेश में किसी भी शहर में लू नहीं चली। मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुजरात-राजस्थान में तापमान में गिरावट हो गई थी।
वहां से आ रही हवाओं में गर्माहट कम होने से मप्र में भी अधिकतम तापमान में गिरावट आयी थी। राजधानी का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री से. दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्रीसे. अधिक रहा। इसी तरह न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्रीसे. रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्रीसे. कम रहा।
