जीत का चौका लगाना चाहेगी हैदराबाद और पंजाब
मुंबई
आईपीएल 2022 में आज रविवार 17 अप्रैल को डबल हेडर खेला जाना है। दिन का पहला मुकाबला नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा। शुरुआती दो मैच हारने के बाद हैदराबाद को इस सीजन में कमजोर टीम माना जा रहा था, लेकिन अनुभवी कप्तान केन विलियमसन की अगुआई वाली हैदराबाद ने अगले तीनों मैच जीतकर अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स से हैदराबाद में आए राहुल त्रिपाठी एसआरएच के लिए कमाल की बल्लेबाजी कर रहे हैं। चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाइट राइडर्स को हराने के बाद हैदराबाद अब जीत का चौका लगाना चाहेगी।
हैदराबाद के अलावा पंजाब भी तीन मैच जीतने के इस मुकाबले में जीत का चौका लगाना चाहेगी। पंजाब इस समय पांचवें और हैदराबाद सातवें नंबर पर है। आईपीएल में हैदराबाद और पंजाब अब तक 17 बार आमने-सामने आ चुकी हैं, जिसमें 12 बार हैदराबाद और 5 बार पंजाब ने बाजी मारी है।
पंजाब के लिए सलामी बल्लेबाज शिखर धवन फॉर्म में लौट आए हैं और उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 70 रनों की पारी खेली थी। हालांकि कप्तान मयंक अग्रवाल को एक बार फिर से टीम को मजबूत शुरुआत देनी होगी। मध्यक्रम में जॉनी बेयरस्टो, लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा, शाहरूख खान और ओडियन स्मिथ जैसे बल्लेबाज हैं और अगर शीर्ष क्रम विफल रहता है तो इनमें से किसी को जिम्मेदारी से खेलना होगा।
