घायलों और प्रभावितों को शासन से मिलेगा पूरा सहयोग : मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खरगोन की स्थिति की समीक्षा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ की। उन्होंने कहा कि अब खरगोन में पूर्णत: शांति है। । राज्य शासन द्वारा घायलों और प्रभावितों को हर संभव सहायता दी जाएगी। शासन नागरिकों के साथ खड़ा है।

फिर से बनाएंगे मकान

इस संबंध में निर्णय लिया गया कि दंगे और फसादों में उत्पातियों द्वारा जिनकी सम्पत्ति में आग लगाई गई है या क्षति पहुँचाई गई है, ऐसे मकानों की संख्या 10 है और आंशिक क्षतिग्रस्त मकान 70 हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पूर्ण क्षतिग्रस्त मकान बनाकर दिए जाएंगे और आंशिक क्षतिग्रस्त मकानों की आवश्यक मरम्मत कर उन्हें बेहतर बनाया जाएगा।

आजीविका के लिए भी सहायता

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि दंगों में घायल व्यक्तियों के उपचार की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। घायलों को कोई तकलीफ नहीं होने देंगे। साथ ही जिनकी आजीविका का साधन खत्म हो गया है, उनकी आजीविका फिर शुरू की जाएगी। ऐसे व्यक्तियों की संख्या 16 है।

नुकसान की होगी पूरी भरपाई

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि दंगे, फसाद में नागरिकों के हुए नुकसान की पूरी तरह भरपाई करेंगे। अभी यह व्यवस्था राज्य शासन करेगा। बाद में दंगाइयों से क्षतिपूर्ति करवाई जाएगी। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि किसी भी भाई-बहन को संकट के समय में अकेला नहीं रहने देंगे। किसी परिवार में बेटी का विवाह होना था, जो वर्तमान परिस्थितयों में नहीं हो सका, तो उसके लिए भी आवश्यक सहायता दी जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *