कांगड़ा में अरविंद केजरीवाल की रैली, हिमाचल प्रदेश में दोबारा ऐसे ताकत जुटा रही AAP

 शिमला
 

हिमाचल प्रदेश में ईकाई भंग कर चुकी आम आदमी पार्टी एक बार फिर चुनावी तैयारियां शुरू करती दिख रही है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कांगड़ा में रैली करने जा रहे हैं। वहीं, खबर यह भी है कि पार्टी कांग्रेस नेता विजय सिंह मनकोटिया के संपर्क में भी है। इससे पहले केजरीवाल ने मंडी में रैली की थी। खास बात है कि मंडी को राज्य के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का मजबूत गढ़ माना जाता है।

  रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि केजरीवाल के दौरे के दौरान मनकोटिया आप में शामिल हो सकते हैं। मनकोटिया कांगड़ा के दिग्गज राजपूत नेता हैं। इसके अलावा वह एक्स-सर्विसमैन लीग ऑफ हिमाचल के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। इस लीग में एक लाख से ज्यादा पूर्व सैनिक शामिल हैं। ऐसे में उनका पार्टी में शामिल होना आप के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। कहा जा रहा है कि मनकोटिया की एंट्री से आप को कांगड़ा जिले से एक मजबूत चेहरा मिलेगा। यहां 15 विधानसभा सीटें हैं। इसके अलावा सूत्रों ने यह भी कहा है कि आप पूर्व सांसद और ब्राह्मण नेता के भी संपर्क में है।
 
साल 2019  में धर्मशाला उपचुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज करने वाले राकेश चौधरी पहले ही आप में शामिल हो चुक हैं। चौधरी का कहना है कि कांगड़ा जिले के अलग-अलग हिस्सों से हजारों लोग रैली में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की मौजूदा सरकार ने कांगड़ा जिले को नजरअंदाज कर दिया है। चौधरी ने कहा कि बेरोजगारी और बढ़ी कीमतों ने कई लोगों का जीवन मुश्किल कर दिया है। उन्होंने कहा कि आप एकमात्र पार्टी है, जो आम आदमी के अधिकारों के लिए लड़ रही है। चौधरी के अलावा नगरोटा बागवान से भाजपा के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष डॉक्टर नरेश वरमानी एकमात्र बड़े नेता हैं, जो आप का हिस्सा बने हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *