जून से प्रदेश में दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें

भोपाल
 प्रदेश में इंदौर शहर के भीतर सड़कों पर इलेक्‍ट्रिक बसें दौड़ने ही लगी हैं, अब दो शहरों के बीच भी ये बसें दौड़ती नजर आएंगी। यदि सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ तो जून माह से भोपाल-इंदौर मार्ग पर यात्रियों को इलेक्ट्रिक बसों की सुविधा मिल सकती है। इसके लिए ग्रीन मोबिलिटी कंपनी प्रदेश में 250 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इससे प्रदेश में एक हजार लोगों को रोजगार भी मिलेगा। बसों के संचालन में कोई दिक्कत न आए, इसके लिए लालघाटी भोपाल के अलावा इंदौर में भी फास्ट चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे। यात्रियों के बैठने के लिए लाउंज भी बनेंगे। फूड जोन भी बनाया जाएगा।

ग्रीन मोबिलिटी कंपनी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि शुरुआत में तीन इलेक्ट्रिक बसें संचालित होंगी, फिर 10 बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। सफल होने पर भोपाल से जबलपुर, सागर, ग्वालियर सहित अन्य मार्गों पर 100 बसों का संचालन किया जाएगा। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से वायु प्रदूषण नहीं होगा।

कंपनी के एमडी व सीईओ अशोक अग्रवाल ने बताया कि दक्षिण, उत्तर और पश्चिम भारत के बाद अब मप्र में इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने जा रहे हैं। आगरा, गोरखपुर, प्रयागराज, झांसी, बेंगलुरु, मुंबई सहित देश के 30 शहरों में 115 बसें चल रही हैं। एक बस की कीमत सवा दो करोड़ रुपये है, जो एक बार चार्ज होने पर 250 किमी चलेगी। ये बसें पूरी तरह से एयर कंडीशन हैं। पहले 32 व 52 सीट की क्षमता की बसें शुरू करने की योजना है। बेंगलुरु में कंपनी का प्लांट है, जिसमें इलेक्ट्रिक बसों का उत्पादन किया जाता है। बसों के संचालन की अनुमति के लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों से चर्चा की है। समय पर परमिट व आरटीओ संबंधी अन्य प्रक्रिया पूरी होने पर बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *