IPL 2022: जसप्रीत बुमराह ने बताया क्यों अभी तक एक भी जीत नहीं दर्ज कर सकी है मुंबई इंडियंस

मुंबई

मुंबई इंडियंस के उप-कप्तान और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का मानना है कि उनकी टीम इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सीजन में बदलाव के दौर से गुजर रही है और फ्रेंचाइजी से जुड़े नए खिलाड़ियों को यह समझने की जरूरत है कि इस टूर्नामेंट में दबाव की स्थिति से कैसे निपटा जाता है। मुंबई इंडियंस की टीम मौजूदा सीजन के अपने शुरुआती चारों मैच हार चुकी है। पांच बार की चैम्पियन टीम को गेंदबाजी में ऑप्शन्स की काफी कमी खल रही है।

बुमराह ने कहा, 'यह बदलाव का दौर है और हर टीम को इससे गुजरना होता है। हर क्रिकेटर इसे समझता है। टीम में कई नए खिलाड़ी है और हम इसी तरह के दौर से गुजर रहे हैं।' उन्होंने कहा, 'आईपीएल में सफलता के लिए आपको इस लीग के फॉर्मेट को समझते हुए दबाव से निपटने के बारे में सीखना होगा।' बुमराह के लिए यह महत्वपूर्ण है कि टीम अतीत पर जोर देने के बजाय वर्तमान में रहे। उन्होंने कहा, 'हमें बीती चीजों को छोड़कर वर्तमान में रहना होगा। यह सही है कि अभी तक चीजें प्लान के अनुसार नहीं हुई हैं, लेकिन हम संघर्ष करते रहते हैं और सफलता के तरीके  खोजते रहते हैं।'

उन्होंने कहा कि इस आईपीएल में टॉस की भूमिका काफी अहम रही है। बुमराह ने कहा, 'अगर यह मेरे  हाथ में होता तो मैं हर मैच में टॉस जीतना चाहता। यह वास्तव में मदद करता है।' मुंबई इंडियंस को आज पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच खेलना है। मुंबई इंडियंस इकलौती ऐसी टीम है, जिसके खाते में अभी तक एक भी जीत नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *