भोपाल पहुंचे विहिप नेता सिंह, कहा रामभक्तों पर पथराव करने वालों पर हो सख्त कार्रवाई
भोपाल
विश्व हिंदू परिषद के अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. रवीन्द्र नारायण सिंह भोपाल पहुंचे और विहिप नेताओं की बैठक की। इस बैठक में प्रान्त और विभाग के दायित्व संभालने वाले कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा में आदिवासी वर्ग के धर्मांतरण पर रोक लगाने को लेकर मुख्य रूप से विचार किया गया। सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार गो हत्या पर रोक लगाने, जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने का काम करे।
उन्होंने मध्यप्रदेश के खरगोन मेंं रामनवमी के दिन शोभायात्रा पर पथराव करने और आगजनी की घटना की निंदा की। सिंह ने राज्य सरकार से मांग की कि राम के भक्तों पर सुनियोजित तरीके से आक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही हो ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। जो कानून को न माने उनके विरुद्ध सख्त कार्यवाही कर ऐसे लोगों के अधिकार खत्म किए जाएं। सिंह ने कहा कि देश में कॉमन सिविल कोड लागू हो। इस मौके पर क्षेत्र मंत्री राजेश तिवारी, खगेन्द्र भार्गव प्रान्त संगठन मंत्री, अनिल गोयल प्रान्त उपाध्यक्ष, संतोष श्रीवास्तव प्रान्त कोषाध्यक्ष, सुशील सुडेले प्रान्त संयोजक बजरंग दल सहित प्रान्त, विभाग के पदाधिकारी मौजूद रहे।
