विराट कोहली और बाबर आजम का नाम आरोन फिंच ने लिया साथ, वायरल हुआ ट्वीट

नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में ऑस्ट्रेलिया के लिमिटेड ओवर कप्तान आरोन फिंच और टेस्ट कप्तान पैट कमिंस एक ही फ्रेंचाइजी टीम के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। कमिंस पहले ही टीम का हिस्सा थे, जबकि फिंच को एलेक्स हेल्स के कवर के तौर पर केकेआर ने टीम से जोड़ा है। फिंच पाकिस्तान दौरे के बाद केकेआर से जुड़ चुके हैं और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 15 अप्रैल को होने वाले मैच में सिलेक्शन के लिए उपलब्ध रहेंगे। ट्विटर पर केकेआर के आधिकारिक पेज से #AskKKR सेशन के दौरान फिंच ने फैन्स के सवालों के जवाब दिए। एक जवाब में उन्होंने विराट कोहली और बाबर आजम का नाम साथ लिया और इसी वजह से यह ट्वीट भी खूब वायरल हो रहा है।

सोहम नाम के एक ट्विटर यूजर ने सवाल किया कि आपको क्या लगता है कि कौन सा खिलाड़ी बेस्ट कवर ड्राइव खेलता है? इसके जवाब में फिंच ने कहा, 'विराट कोहली और बाबर आजम। ये दोनों जब यह शॉट लगाते हैं तो देखकर आंखों को सुकून मिलता है।' विराट और बाबर दोनों ही मौजूदा समय के बेस्ट बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। बाबर पाकिस्तान के कप्तान हैं, जबकि विराट टीम इंडिया के कप्तान रह चुके हैं। दोनों ही अपने कवर ड्राइव के लिए मशहूर हैं। फिंच ने भी इन दोनों में से किसी एक का नाम नहीं लिया। हाल ही में ऑस्ट्रेलियाई टीम पाकिस्तान में तीन-तीन मैचों की टेस्ट और वनडे सीरीज के अलावा इकलौता टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर आई है। ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट सीरीज 1-0 से जीती जबकि वनडे सीरीज 1-2 से गंवाई और इकलौता टी20 इंटरनेशनल मैच जीता।  

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *