पशुपालन मंत्री प्रेम सिंह पटेल ने किया जलाभिषेक अभियान का शुभारंभ
भोपाल
पशुपालन मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने सोमवार को बड़वानी जिले में आजादी के 75वें अमृत महोत्सव में बनने वाले नवीन तालाबों एवं पुष्कर धरोहर समृद्धि योजना में पुरानी जल-संरचनाओं को पुनः उपयोगी बनाने के लिए उनके संवर्धन का अभियान प्रारंभ किया। मंत्री पटेल और सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने ग्राम आमल्यापानी एवं ग्राम बुदी में होने वाले जल-संरक्षण कार्य का भूमि-पूजन कर, उपस्थितों को जल-संरक्षण की शपथ भी दिलाई। जन-प्रतिनिधी एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामवासियों के साथ जल कलश यात्रा निकालकर ग्रामीणों को जल-संवर्धन के लिए प्रेरित भी किया।
मंत्री पटेल ने ग्राम आमल्यापानी में पुष्कर धरोहर समृद्धि अभियान में पुराने स्टाप डेम के संवर्धन कार्य का शुभारंभ किया। साथ ही दो अन्य स्टाप डेम का भी संवर्धन कराने की घोषणा कर कार्य तत्काल प्रारंभ करवाने के निर्देश दिये।
ग्राम बुदी में नवीन तालाब का भूमि पूजन, ग्रामीणों को बारेली भाषा में दिलाई शपथ
मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने ग्राम बुदी में 14 लाख 92 हजार रूपये की लागत से बनने वाले नवीन तालाब का भूमि-पूजन किया। ग्रामीणों को बारेली भाषा में जल-संरक्षण हेतु प्रोत्साहित करते हुए जल बचाने की शपथ दिलाई और पौधरोपण भी किया। इस मौके पर गाँव में कलश यात्रा भी निकाली गई। इसके बाद सभी उपस्थित जन-प्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामवासी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लाइव प्रसारण कार्यक्रम में शामिल हुए। साथ ही शिक्षा परिसर बुदी में पौधारोपण कर सभी के साथ बैठकर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाईव प्रसारण भी देखा। बड़वानी जिले के अन्य स्थानों पर भी जलाभिषेक अभियान की विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित हुई, जिसमें सभी लोगों ने मिलकर जल-संवर्द्धन के कार्यों में सहयोग करने का संकल्प लिया।
