सतत विकास लक्ष्यों की पूर्ति के लिए ग्राम सभाओं को सशक्त बनाना होगा : मंत्री सिसोदिया

भोपाल

पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने कहा है कि सतत विकास लक्ष्यों की पूर्ति और ग्रामीण विकास के लिए ग्राम-सभाओं को सशक्त और पारदर्शी बनाने की आवश्यकता है। विभागों की विभिन्न योजनाओं के अभिसरण से ही यह संभव हो पाएगा। मंत्री सिसोदिया आज विज्ञान भवन दिल्ली में सतत विकास लक्ष्यों के स्थानीयकरण पर राष्ट्रीय हितधारक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

मंत्री सिसोदिया ने कहा कि गुना जिले की ग्रामीण शालाओं में विद्यार्थियों के उपयोग के लिए मनरेगा से मध्यान्ह भोजन मध्यान्ह भोजन की डाइनिंग टेबल योजना क्रांतिकारी है। इससे ग्रामीण विद्यार्थियों में आत्म-विश्वास पैदा हुआ है। सिसोदिया ने केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह से इस योजना को पूरे देश में लागू करने का आग्रह किया। सिसोदिया ने सुझाव दिया कि आर्थिक उद्धार के लिए आजीविका के क्षेत्र में स्व-सहायता समूहों को मार्केटिंग एप्स से जोड़कर बहुराष्ट्रीय कंपनियों की सहायता से देश-विदेश में ग्रामीण और जनजातीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने बताया कि उनके गृह जिले गुना के स्व-सहायता समूह से जुड़ी एक महिला द्वारा बनाया गया झूला इतना सुंदर है कि दिल्ली में ही नहीं, बल्कि न्यूयार्क के बाजार में भी उसकी मांग है।

मंत्री सिसोदिया ने मनरेगा योजना से फर्जी जॉब कार्ड की समस्या को दूर करने के लिए सुझाव दिया कि स्थानीय स्तर  पर व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से निगरानी की जाए, जिससे योजना में पारदर्शिता आएगी। सिसोदिया ने कहा कि सीमेंट एवं सरिये की बढ़ती कीमतों को देखते हुए पीएम आवास योजना (ग्रामीण) में मिलने वाली राशि को बढ़ाया जाए एवं छत की डिजाइन में भी बदलाव किया जाए। इससे ग्रामीण हितग्राहियों को लाभ होगा। मंत्री सिसोदिया ने आवास पोर्टल को पुनः चालू करने का भी आग्रह किया।

उल्लेखनीय है कि आजादी का अमृत महोत्सव में पंचायती राज मंत्रालय के "पंचायतों के नवनिर्माण का संकल्पोत्सव"  विषय पर आईकॉनिक सप्ताह समारोह का उद्घाटन आज नई दिल्ली में  उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह, केन्द्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री कपिल मोरेश्वर पाटिल सहित राज्यों के पंचायती राज मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *