किसी भी दंगाई को छोड़ा नहीं जायेगा : मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि संपूर्ण प्रदेश में रामनवमी अभूतपूर्व उत्साह के साथ मनाई गई। लेकिन खरगोन में दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि दंगाई छोड़े नहीं जाएंगे, उन पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। मध्यप्रदेश की धरती पर दंगाइयों का कोई स्थान नहीं है। दंगाई चिन्हित कर लिए गए हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कार्रवाई का मतलब केवल जेल भेजना नहीं है। जिन्होंने पत्थर चलाए और संपत्ति को नुकसान पहुँचाया है, उनको दंडित किया जाएगा। सार्वजनिक संपत्ति हो या निजी संपत्ति, जितना भी नुकसान हुआ है, उतनी वसूली दंगाइयों से की जाएगी। मध्यप्रदेश में लोक और निजी संपत्ति के नुकसान का निवारण और नुकसान की वसूली अधिनियम पारित किया है। हम क्लेम ट्रिब्यूनल का गठन कर रहे हैं। नुकसान का आकलन कर, वसूली की जाएगी। साथ ही ऐसा कठोरतम दंड दिया जाएगा, जो उदाहरण बन जाए। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि किसी भी दंगाई को छोड़ा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री चौहान ने खरगोन की घटना पर निवास कार्यालय में उच्च-स्तरीय अधिकारियों के साथ आपात बैठक कर मीडिया प्रतिनिधियों को यह जानकारी दी। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *