CM शिवराज चित्रकूट ओरछा में करेंगे दीपदान, प्रदेश में 12 स्थानों पर दीप आयोजन
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को धर्मनगरी चित्रकूट के गौरव दिवस में शामिल होंगे। इसके साथ ही वे ओरछा में भी रामराजा सरकार के दर्शन करेंगे। सीएम सपरिवार चित्रकूट और ओरछा में दीपदान कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोनों ही धार्मिक स्थलों पर भगवान राम के प्रति आस्था व्यक्त करने के लिए लाखों दीपदान की तैयारी प्रशासन ने की है। ओरछा में पवित्र नदी बेतवा के तट पर सायंकाल में दीपोत्सव में पांच लाख दीयों को एक साथ प्रज्ज्वलन किया जाएगा।
वहीं चित्रकूट में रामनवमीं पर होने वाले गौरव दिवस पर 5.50 लाख दीपों का प्रज्जवलन होगा। सीएम चौहान कामदगिरि मुखारविन्द में दीप जलाकर दीपदान की शुरुआत करेंगे। सीएम सतना जिले को 71.77 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात देंगे। चित्रकूट को आदर्श क्षेत्र बनाने के लिए विभिन्न संगठनों द्वारा संकल्प-पत्र का वाचन कर मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा। यहां के नयागांव थाने का नाम चित्रकूट थाना घोषित किया जाएगा। साथ ही सीएम सियाराम कुटीर पहुंचकर भारत रत्न नानाजी देशमुख को पुष्पांजिल भी अर्पित करेंगे। चित्रकूट रवाना होने के पहले मुख्यमंत्री चौहान ने सपरिवार निवास पर रामनवमी पूजन कर भगवान राम का जन्मोत्सव मनाया।
चित्रकूट से ओरछा पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान श्रीरामराजा सरकार मंदिर परिसर ओरछा में श्रीरामराज्य कला दीर्घा का लोकार्पण करेंगे। इसमें भारत के लगभग सभी राज्यों की लोकचित्र शैलियों में भगवान श्रीराम के एक-एक चरित का चित्रांकन किया गया है।
प्रदेश के 12 स्थानों ओरछा, चित्रकूट, उज्जैन, उमरिया, शहडोल, विदिशा, राजगढ़, शिवपुरी, नीमच, रतलाम, छिन्दवाड़ा और पन्ना में श्रीराम जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
