भोपाल सहित कई शहरों में पारा 45 डिग्री! बूंदा-बांदी के बन रहे आसार

भोपाल
मध्य प्रदेश भीषण गर्मी से झुलस रहा है. पारा अपनी चरम सीमा पर है. प्रदेश में अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंच चुका है. हालांकि, इस तपिश के बीच कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग के अनुमान को सही मानें तो प्रदेश के कुछ इलाकों में आने वाले 24 घंटे में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. जिन इलाकों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है उनमें छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट और मंडला जिले के इलाके शामिल हैं. मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटों में जबलपुर संभाग के कुछ इलाकों में 2 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई है. बारिश की फुहारों से इन इलाकों में गर्मी से फौरी राहत मिलने की उम्मीद है.

मौसम विभाग के अनुसार, एक तरफ जहां छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट और मंडला में बारिश की संभावना जताई गई है, तो वहीं दूसरी तरफ रीवा, ग्वालियर, चंबल संभाग के अलावा भोपाल, धार, खंडवा, खरगोन, नर्मदा पुरम, पन्ना, सागर, दमोह, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, राजगढ़, रतलाम, नीमच, मंदसौर, आगर और शाजापुर जिले में तेज लू चलने की संभावना जताई गई है. यहां अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किए जाने की संभावना है.

ये रखें सावधानी
मौसम विभाग की ओर से जिन इलाकों में तेज लू चलने की संभावना जताई गई है वहां लोगों को जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग की ओर से जारी की गई चेतावनी के अनुसार लोगों को सूरज की किरणों के सीधे संपर्क में आने से बचने को कहा गया है. हल्के रंग के कपड़े पहनने और सिर को कपड़े और टोपी से ढक कर रखने की सलाह दी गई है. इसके साथ ही लोगों को यह भी सलाह दी गई है कि वह जब भी दोपहर के वक्त घर से बाहर निकलें तो पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें.

झुलस रही देश की राजधानी
दूसरी ओर, देश की राजधानी दिल्ली भी झुलस रही है. यहां हर दिन गर्मी नया रिकॉर्ड बना रही है. मार्च से शुरू हुई गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा है. अप्रैल की शुरुआत भी काफी गर्म है. आशंका जताई जा रही है कि आने वाले दिन भी काफी परेशानी भरे होंगे. 9 अप्रैल को गर्मी ने पिछले पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया. शनिवार को दिल्ली एनसीआर में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रहा. गुरुग्राम में सबसे अधिक 44 डिग्री के पास पारा पहुंचा. आईएमडी के अनुसार इससे पहले 21 अप्रैल 2017 को 43.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *