कलेक्टर कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में CM शिवराज की घोसणा: अतिक्रमण से मुक्त जमीनों पर गरीबों को बांटे जाएंगे प्लॉट

भोपाल
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में हुई मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की कलेक्टर कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में सीएम ने बड़ा ऐलान किया है. सीएम ने कॉन्फ्रेंस में कहा कि प्रदेश में भूमाफिया से जो ज़मीन मुक्त कराई जा रही उसका डेटा आम जनता के सामने रखा जाएगा. इतना ही नहीं जो ज़मीन माफिया से मुक्त होगी उस पर गरीबों के प्लाट काटे जाएंगे. सीएम ने कहा मध्यप्रदेश में रूल ऑफ लॉ है. मेरा क्लियर कट मैसेज है कि हम अपराधियों को छोड़ेंगे नहीं. माफियाओं को पूरी तरह तोड़ दें, उनका नेटवर्क ध्वस्त कर दें. गुंडे बदमाशों में ज्यादा दम नहीं होती. प्रदेश में जो कार्रवाई हो रही है वो गुंडे बदमाशों को तोड़ देगी. सीएम ने अवैध शराब पर प्रभावी कार्रवाई करने के साथ मिलावटखोरों और चिटफंड वालों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

एक्शन का रिपोर्ट कार्ड तलब
बैठक में सीएम शिवराज ने जिलेवार कलेक्टर्स से रिपोर्ट तलब की. भूमाफिया के विरूद्ध दर्ज किये गए मामलों को देखें तो बीते 3 महीने में कुल 1791 केस दर्ज किए गए हैं. 3814 अवैध अतिक्रमण तोड़े गए. 2243.80 एकड़ ज़मीन मुक्त कराई गई. तीन महीने में मुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित कीमत 671.61 करोड़ रुपये आंकी गई है. एनएसए के तहत 5 प्रकरण प्रस्तावित हैं. 5 केस में एनएसए की कार्रवाई की गई है. 4 मामलों में जिला बदर केस प्रस्तावित हैं जबकि 18 मामलों में जिला बदर की कार्रवाई की गई है.

सुशासन के लिए करें काम
सीएम शिवराज ने कलेक्टर कॉन्फ्रेंस शुरू होने से पहले बैठक को संबोधित भी किया. सीएम ने कहा नवरात्रि के पावन पर्व पर हमारा संकल्प और प्रार्थना है कि हम जनता को सुशासन दे पाए. जनकल्याण की योजनाओं का सफल क्रियान्वयन कर पाएं और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण के लक्ष्य को प्राप्त कर पाएं. योजनाओं के क्रियान्वयन की जवाबदारी फील्ड अफसरों की होती है, जिन्हें कलेक्टर और कमिश्नर लीड करते हैं. माफियाओं के खिलाफ हमारे अधिकारियों ने अच्छा काम किया है, जिसके लिए मैं कलेक्टर्स और कमिश्नर्स को बधाई देता हूं. कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस हमारे काम का मूल्यांकन है. यह हर महीने जरूरी है. हमारी कोशिश रहेगी कि हम देश में सबसे बेहतर काम करके देश को आगे बढ़ा पाएं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *