प्रदेश में भूमाफिया के विरुद्ध केस दर्ज करने में भोपाल, जमीन छुड़ाने में सीहोर अव्वल

भोपाल
प्रदेश में भूमाफिया के विरुद्ध केस दर्ज करने के मामले में भोपाल और खरगोन जिले सबसे आगे हैं वहीं भूमि मुक्त कराने के मामले में सीहोर और ग्वालियर जिले पहले व दूसरे स्थान पर हैं। इसके साथ ही डिंडोरी, नरसिंहपुर और कटनी, अलीराजपुर जिले इस मामले में प्रदेश के बाटम फाइव जिलों में शामिल हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश के बाद प्रदेश भर में भूमाफिया द्वारा किए गए कब्जे से भूमि मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान में मामा के बुलडोजर ने 2244 एकड़ जमीन तीन माह में अतिक्रामकों से मुक्त कराई है।

671.61 करोड़ है मूल्य
जिलों में तीन माह के अंतराल में जो भूमि अतिक्रामकों, कब्जाधारकों से मुक्त कराई गई है, उसका बाजार मूल्य 671.61 करोड़ रुपए है। इसमें राजस्व विभाग द्वारा 2187.59 एकड़, नगरीय निकायों द्वारा 23.57 एकड़, वन महकमे द्वारा 32.64 एकड़ जमीन मुक्त कराई गई है। राजस्व विभाग द्वारा खाली कराई गई भूमि का बाजार मूल्य 562.05 करोड़ रुपए है जबकि नगरीय निकायों और वन विभाग द्वारा मुक्त भूमि 109.13 करोड़ और 43 लाख रुपए की है।

इन जिलों में रिक्त कराई भूमि का हुआ आवंटन
रिक्त कराई गई भूमि का आवंटन जिन जिलों में हुआ है, उसमें जबलपुर में 434 फ्लैट पीएम आवास के लिए, ग्वालियर, सीहोर, सिवनी, भोपाल, छिंदवाड़ा, सागर, सीधी, मुरैना में नगरीय निकाय, ईओडब्ल्यू, सड़क निर्माण, सीएम राइज स्कूल, गौशाला, औद्योगिक क्षेत्र, पंचायत और ग्रामीण विकास को एग्रोपार्क निर्माण के लिए सौंपा है।

भूमाफिया पर कार्रवाई में ये जिले टाप 5 में
जिन जिलों में प्रदेश में सबसे अधिक कार्रवाई के केस बने हैं, उसमें राजधानी भोपाल सबसे आगे है। यहां 251 प्रकरण में कार्यवाही एक जनवरी से 31 मार्च के बीच हुई है। इसके बाद खरगोन में 135, इंदौर में 131, झाबुआ में 114 और टीकमगढ़ में 99 मामलों में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही की गई है। अतिक्रमण मुक्त कराने के आधार पर तैयार की गई जिलों की रैंकिंग में टाप फाइव में जो जिले शामिल हैं, उसमें सीहोर 309.05 एकड़, ग्वालियर 281.31 एकड़, खंडवा 247.16 एकड़, झाबुआ 147.82 एकड़ और दमोह 147.35 एकड़ के नाम हैं। प्रकरण के आधार पर बाटम फाइव वाले जिलों में डिंडोरी व नरसिंहपुर में एक-एक, सीधी व शिवपुरी में दो-दो, सतना व नर्मदापुरम में तीन-तीन, कटनी में चार और शाजापुर व सागर में 5-5 केस दर्ज किए गए हैं। भूमि मुक्त कराने की कार्यवाही में बाटम फाइव में शामिल जिलों में कटनी में 0.046 एकड़, अलीराजपुर में 0.115, सीधी में 0.201, डिंडोरी में 0.46 और शाजापुर में 0.49 एकड़ जमीन शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *