लखनऊ में बीच सड़क पर हवाई फायरिंग कर मनाया बर्थडे, दो आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में सुशांत गोल्फ सिटी स्थित प्लासियो मॉल के पास गुरुवार रात कुछ युवकों ने सड़क पर अपने दोस्त मनीष तिवारी से बर्थडे केक कटवाया, फिर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इससे वहां से गुजर रहे राहगीर दहशत में आ गये। भगदड़ मची तो हमलावर वहां से भाग निकले। शुक्रवार को युवकों के दुस्साहस का यह वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आयी और पहचान होते ही आरोपितों के घर दबिश दी। आरोपित की पहचान सपा नेता नीरज सिंह के रूप में हुई। पुलिस को सख्त देख आरोपित नीरज और उसका साथी मनीष तिवारी पिस्टल के साथ खुद ही शुक्रवार देर रात सुशांत गोल्फ सिटी थाने पहुंच गये। यहां पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपितों के बारे में पता किया जा रहा हैं। इस हुड़दंग में शामिल सभी आरोपितों पर कार्रवाई होगी। वहीं फायरिंग करने वाला नीरज सपा कार्यकर्ता निकला।
 

कार पर सवार युवक करते रहे हंगामा
शुक्रवार शाम लखनऊ कमिश्नरेट के ट्विटर हैण्डल को टैग करते हुए यह वीडियो डाला गया था। इसमें बीच सड़क पर कार सवार युवक जमावड़ा दिखे रहे। दर्जनों की संख्या में युवक बीच सड़क शोर मचाते हुए कारों पर चढ़े हुए हैं। इनमें कुछ लोग पिस्टल से फायरिंग कर रहे हैं। सोशल मीडिया में यह वीडियो वायरल होते ही हड़कंप मच गया। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि युवक बेखौफ होकर कार पर चढ़ कर नाच रहे हैं। एक युवक वीडियो में फायर करते दिख रहा है। पर पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। शुक्रवार शाम को वीडियो वॉयरल होने के बाद लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस ने छानबीन करना शुरू किया। पड़ताल में घटना सुशांत गोल्फ सिटी स्थित फिनिक्स प्लासियो मॉल के पास होने की पुष्टि हुई।

सपा का जिला सचिव रहा आरोपित
 इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी देवेंद्र विक्रम सिंह के मुताबिक वीडियो में फायरिंग कर रहे युवक की पहचान राजाजीपुरम निवासी नीरज सिंह के रूप में हुई। नीरज सपा का जिला सचिव रहा है। मूल रूप से वह मलिहाबाद का है। वह गुरुवार को दोस्तों के साथ साथी मनीष तिवारी का बर्थडे मनाने मॉल के पास पहुंचा था। इंस्पेक्टर के मुताबिक फुटेज से एक आरोपित की पहचान नीरज के रूप में हुई है। देर रात नीरज और मनीष तिवारी से पुलिस पूछताछ कर यह पता कर रही थी उसने पिस्टल किससे और कब ली थी। उसका अपराधिक इतिहास पता लगाया जा रहा है। उधर इस घटना को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने टिवट किया था कि यूपी में डूबा अपराध… आज का अपराधनामा। इसे एक हजार से अधिक लोगों ने रिटिविट किया था जबकि चार हजार लोगों ने लाइक किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *