लगभग सवा तीन करोड़ के विकास कार्यों का खाद्य मंत्री सिंह ने अनूपपुर में किया भूमि पूजन
भोपाल
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने जिला खनिज प्रतिष्ठान निधि योजना में अनूपपुर में 3 करोड़ 25 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। इसमें मैरटोला से पसला होते हुए चरतरिहा 3 कि.मी. पहुँच मार्ग के लिए राशि 137.75 लाख तथा परासी तितरीपोड़ी सड़क निर्माण कार्य पुलिया सहित 3.60 कि.मी. राशि 187.58 लाख के कार्य शामिल है। इन मार्गों के निर्माण से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी और आवागमन सहज होने से कृषि, व्यापार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में समुचित विकास होगा।
मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि मैरटोला से पसला होते हुए चरतरिहा ग्राम को जोड़ने वाला मार्ग के निर्माण से ग्रामीणों का मुख्य मार्ग एनएच-43 से जुड़ाव होगा। उन्होंने कहा कि परासी तितरीपोड़ी पुलिया सहित सड़क मार्ग निर्माण कार्य होने से तितरीपोड़ी से धुरवासिन प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क मार्ग तक जुड़ाव होगा। जिससे आवागमन सहज हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की सरकार जनहितैषी कार्यों के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने ग्राम पसला में सरपंच की मांग पर नवीन ग्राम पंचायत भवन स्वीकृति का भरोसा दिलाया। उन्होंने ग्रामीणों को चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएँ देते हुए सभी के सुख-समृद्धि की मंगल कामना की। इसके साथ ही खाद्य मंत्री सिंह ने 29 लाख की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र का भूमि पूजन भी किया एवं प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन के तहत निर्मित नल जल योजना के लिए बने पानी टंकी एवं नल जल कार्यों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
जिला पंचायत प्रशासकीय समिति की प्रधान श्रीमती रूपमती सिंह, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे।
