लापरवाही बरतने पर संघवी कॉलेज ब्लैक लिस्टेड

इंदौर
 यूनिवर्सिटी की परीक्षा में लापरवाही बरतने पर संघवी इंस्टीट््यूट ऑफ मैनेजमेंट (Sanghvi College) को ब्लैक लिस्ट कर दिया गया है। यूनिवर्सिटी ने कॉलेज को एक साल तक किसी भी परीक्षा का केंद्र नहीं बनाने का निर्णय भी लिया है। वीक्षक और कंट्रोल रूम प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
परीक्षा केंद्र से कॉपी गुमाने का संभवत: यह पहला मामला है। देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी ने इसी साल जनवरी में एमबीए तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा कराई थी। इसके लिए संघवी इंस्टीट््यूट ऑफ मैनेजमेंट को भी सेंटर बनाया गया था। परीक्षा के बाद सभी परीक्षार्थियों की कॉपी सीलबंद लिफाफों में यूनिवर्सिटी में जमा कराई जाती है। इस लिफाफे में एक छात्र की कॉपी नहीं निकली, जबकि छात्र परीक्षा में शामिल हुआ था। इस कॉपी के संबंध में यूनिवर्सिटी ने संघवी कॉलेज से सवाल किए, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। परीक्षा नियंत्रक प्रो. अशेष तिवारी ने संघवी इंस्टीट््यूट ऑफ मैनेजमेंट को ब्लैक लिस्ट करने के आदेश जारी किए हैं।

सीसीटीवी रिकॉर्डिंग भी गायब
नियमानुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी होना अनिवार्य है। यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने कॉलेज से परीक्षा के दिन के सीसीटीवी फुटेज भी तलब किए थे। कॉलेज फुटेज भी उपलब्ध नहीं करा सका। यूनिवर्सिटी की जांच टीम ने इसे परीक्षा संबंधी नियमों का स्पष्ट उल्लंघन करार देते हुए घोर लापरवाही माना है।

कैसे बनेगा रिजल्ट?
जिस परीक्षार्थी की कॉपी यूनिवर्सिटी में जमा नहीं हुई, उसका रोल नंबर 32460082 है। कॉपी नहीं मिलने पर सवाल उठ रहे हैं कि अब रिजल्ट किस आधार पर तैयार किया जाएगा। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि कॉलेज को ब्लैक लिस्ट करने के साथ ही जल्द से जल्द कॉपी जमा कराने के लिए कहा गया है। कॉपी नहीं मिलने की स्थिति में परीक्षा समिति फैसला लेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *