सपा विधायक शहजील इस्लाम के पेट्रोल पंप पर चला CM योगी बुल्डोजर

लखनऊ

यूपी सरकार का अवैध इमारतों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर बुल्डोजर चलाने का अभियान जारी है। गुरुवार को बरेली में सपा विधायक शहजील इस्लाम के पेट्रोल पंप पर प्रशासन ने बुल्डोजर चला दिया। प्रशासन का कहना है कि इस पेट्रोल पंप का नक्शा पास नहीं था, यह अवैध रूप से बनाया गया था। बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जोगेंद्र सिंह ने बताया कि सपा विधायक इस्लाम के बरेली-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर परसाखेड़ा स्थित पेट्रोल पंप पर लगी सीएनजी गैस और पेट्रोल की मशीनों को भी सीज कर दिया है। बरेली विकास प्राधिकरण की इस कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है।

शहजील इस्लाम बरेली के भोजीपुरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। हाल ही में उन्होंने कथित रूप से सीएम योगी को लेकर एक बयान दिया था, जिस पर वह विवादों में आ गए थे। उन्होंने सीएम योगी के लिए कहा था- “उनके मुंह से आवाज़ निकली तो हमारे बंदूकों से धुआं नहीं, गोलियां निकलेंगी। वो दिन चले गए जब सदन में उनकी तानाशाही चलती थी, अब एक मजबूत विपक्ष है। हम सदन से लेकर सड़क तक लड़ने का काम करेंगे।”

हालांकि शहजील इस्लाम का कहना है वीडियो एडिटेड है और उन पर झूठा आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा कि वे नेता सदन और प्रतिपक्ष की इज्जत करते हैं। ऐसी बातें वे नहीं बोले हैं। कहा कि इससे पहले भी वीडियो एडिट कर उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश की गई थी।

2 अप्रैल को विधायक शहजील इस्लाम और पूर्व मंत्री अताउर्रहमान के लिए आयोजित सम्मान समारोह में यह बयान दिया गया था। कार्यक्रम का आयोजन पीलीभीत बाईपास पर सपा जिला उपाध्यक्ष संजीव कुमार सक्सेना के कार्यालय पर किया गया था। बयान का वीडियो वायरल होने पर हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों ने पुलिस अफसरों से शिकायत की थी। इस पर मुकदमा भी दर्ज किया गया था।

कहा जा रहा है कि पेट्रोल पंप पर कार्रवाई उसी बयान के जवाब में है, हालांकि प्रशासन का कहना है बयान पर केस दर्ज है और उस पर पुलिस जांच के बाद उचित कार्रवाई करेगी। पेट्रोल पंप पर बुल्डोजर चलाने का इससे कोई लेना-देना नहीं है। पेट्रोल पंप का नक्शा पास नहीं होने और अवैध निर्माण होने की वजह से उस पर प्रशासन ने बुल्डोजर चलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *