देश में सर्वाधिक ब्रूसेल्ला टीकाकरण मध्यप्रदेश में

भोपाल

पशुपालन एवं डेयरी मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने बताया कि राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम में प्रदेश में एक जनवरी से 31 मार्च 2022 तक ब्रूसेल्ला टीकाकरण कार्यक्रम चलाया गया। इसमें 4 से 8 माह की गौ-भैंस वंशीय बछियों का टीकाकरण कराया गया। मध्यप्रदेश ने 17 लाख 41 हजार 970 टीकाकरण की जानकारी ईनॉफ पोर्टल पर दर्ज कराई है, जो राष्ट्र में सर्वाधिक है। इसके अलावा प्रदेश में 2 करोड़ 76 लाख 63 हजार 968 गौ-भैंस वंशीय पशुओं को यूआईडी टैग्स लगाये गये हैं। इनका पंजीकरण भी ईनॉफ पोर्टल पर किया गया है। यह संख्या भी देश में सर्वाधिक है।

मंत्री पटेल ने बताया कि भारत सरकार द्वारा प्रदेश को 22 लाख 55 हजार ब्रुसेल्ला टीका द्रव्य उपलब्ध कराया गया है। देश में राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सभी राज्यों में ब्रूसेल्ला टीकाकरण कार्यक्रम क्रियान्वित किया जा रहा है। ब्रुसिलोसिस रोग गौ-भैंस वंशीय पशुओं में प्रजनन संबंधी बीमारी है, जो ब्रुसिलोसिस एबॉर्टस जीवाणु के कारण होती है। रोग के लक्षणों में बुखार, गर्भावस्था के अंतिम चरण में गर्भपात, बाँझपन, हीट में देरी, लेक्टेशन में बाधा आदि से बछियों की हानि और दूध उत्पादन में कमी होती है। 4 से 8 माह की गौ-भैंस वंशीय बछियों का जीवनकाल में एक बार टीकाकरण कर उन्हें ब्रुसिलोसिस रोग से बचाया जा सकता है। यह रोग पशुओं से मनुष्यों में भी फैल जाता है। इस रोग के प्रभाव से पुरूष एवं स्त्रियों में प्रजनन संबंधी समस्या हो सकती है। इस रोग को किसी उपचार के अभाव में टीकाकरण द्वारा ही रोका जा सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *