जेल में बंद बसपा नेता अनुपम दुबे के खिलाफ बड़ा ऐक्शन, 9.53 करोड़ की संपत्ति होगी कुर्क

फर्रुखाबाद
मैनपुरी जेल में बंद बसपा नेता अनुपम दुबे की 9.53 करोड़ रुपए की संपत्ति की कुर्की की जाएगी। राजस्व विभाग ने बसपा नेता के भाई समेत दो सहयोगियों की सम्पत्ति को आंकलित किया है। चारों की कुल संपत्ति 19 करोड़ 45 लाख रुपये की कुर्की के आदेश किए गए हैं।

फतेहगढ़ के मोहल्ला कसरट्टा निवासी अनुपम दुबे पर आरोप है कि 14 मई 1996 को ट्रेन में पुलिस निरीक्षक रामनिवास यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बसपा नेता के खिलाफ 46 मुकदमें पंजीकृत हैं। बसपा नेता के भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन के खिलाफ भी दस मुकदमे हैं। सहयोगी अभिषेक रस्तोगी निवासी वृंदावन गली के खिलाफ दो और वृंदावन गली निवासी पंकज रस्तोगी के खिलाफ भी दो मुकदमें पंजीकृत हैं।

प्रभारी निरीक्षक मऊदरवाजा ने चारो के खिलाफ गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रिया कलाप निवारण अधिनियम के अंतर्गत अवैध रूप से अर्जित की गयी और उनके परिजनों की चल अचल संपत्ति के जब्तीकरण के बारे में जिला मजिस्ट्रेट को रिपोर्ट दी थी। बसपा नेता अनुपम की संपत्ति 9 करोड़ 53 लाख 27 हजार 930, बसपा नेता के भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन की संपत्ति 9 करोड़ 43 लाख 12 हजार 91, अभिषेक रस्तोगी उर्फ सोनू और पंकज रस्तोगी की संपत्ति 50 लाख 82 हजार 600 रुपये आंकलित की। चारों की कुल संपत्ति 19 करोड़ 45 लाख 22 हजार 622 रुपया के कुर्की के आदेश जिलाधिकारी की ओर से किए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *