भाजपा का भय दिखाकर वोट लेना कांग्रेस जानती-नरोत्तम मिश्रा

भोपाल

मध्यप्रदेश कांग्रेस 2023 का विधानसभा चुनाव पूर्व सीएम कमलनाथ के नेतृत्व में ही लड़ेगी। सोमवार को हुई बैठक में पार्टी नेताओं ने इस बात का फैसला लिया। जिसके बाद गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस के इस फैसले पर तंज कसा है। उन्होंने कहा- गजब है, कांग्रेस ने संन्यास की उम्र में कमलनाथ के सिर सेहरा बांध दिया।

मंगलवार को मीडिया से चर्चा के दौरान गृहमंत्री ने ये बात कही। उन्होंने कहा- कमलनाथ पूर्व मुख्यमंत्री हैं, मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष भी वही हैं। भावी मुख्यमंत्री भी कांग्रेस की ओर से कमलनाथ ही हैं। जब चुनाव होगा, तब कमलनाथ 77 साल के होंगे। इससे कांग्रेस का भविष्य समझ में आएगा कि किसके नेतृत्व में सड़क पर लड़ने का संकल्प लिया जा रहा है। मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस परिवारवाद की पोषक पार्टी है। वह पार्टी नहीं है परिवार है। पार्टी तो भारतीय जनता पार्टी है। यहां अगला अध्यक्ष कौन होगा? कभी पता नहीं रहता है।

उधर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कमलनाथ को कांग्रेस का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करने को लेकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, 'नकली चेहरा सामने आए,असली चेहरा छिपा रहे'। इसके जरिए उन्होंने इशारों- इशारों में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को निशाने पर लिया।

कांग्रेस का मुस्लिमों से वास्ता सिर्फ वोटों तक
कांग्रेसियों के मंदिर जाने पर मिश्रा बोले कि यह देश के अच्छे दिन हैं। इसलिए कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद जिन दिनों में इफ्तारी करते थे, उन दिनों में मंदिर जाने की बात कर रहे हैं। आरिफ मसूद की यही पीड़ा है। उन्हें आत्मचिंतन करना चाहिए। कांग्रेस का मुस्लिमों से वास्ता सिर्फ वोटों तक ही है। भाजपा का भय दिखाकर वोट लेना कांग्रेस जानती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *