विद्यार्थियों के प्लेसमेंट प्रयासों में विश्वविद्यालय करें सहयोग : राज्यपाल पटेल

भोपाल

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि विश्वविद्यालय, विद्यार्थियों के प्लेसमेंट प्रयासों में सहयोग करें। कैरियर कॉउंसलिंग और नियोजन संबंधी व्यवस्थाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए। राज्यपाल पटेल पं. एस.एन. शुक्ला विश्वविद्यालय शासी निकाय की प्रथम बैठक को राजभवन में संबोधित कर रहे थे।

राज्यपाल पटेल ने कहा कि विद्यार्थियों की शिक्षा में जीवन जीने की कला को शामिल किया जाना चाहिए। विद्यार्थियों को ज्ञान, कौशल के साथ ही जीवन मूल्यों से शिक्षित और संस्कारित करना जरूरी है। औपचारिक आयोजनों के व्याख्यानों से अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सकते हैं। इसके लिए विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं में सतत् प्रयास किए जाना चाहिए। उन्होंने पारंपरिक विश्वविद्यालयों के साथ पं. एस.एन. शुक्ला विश्वविद्यालय के वैधानिक प्रावधानों और अध्यादेशों का तुलनात्मक परीक्षण कराने और उनमें एकरूपता की आवश्यकता बताई।

सर्व-सम्मति से विश्वविद्यालय के विधायी उपबंधों और अध्यादेशों का पारंपरिक विश्वविद्यालयों के साथ तुलनात्मक परीक्षण के लिए कुलपति पं. एस.एन. शुक्ला की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया। समिति में कुलपति विक्रम विश्वविद्यालय, आयुक्त उच्च शिक्षा, कुलसचिव बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय और कुलसचिव पं. एस.एन. शुक्ला विश्वविद्यालय को शामिल किया गया।

अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा शैलेंद्र सिंह, राज्यपाल के प्रमुख सचिव डी.पी. आहूजा, वित्त सचिव ज्ञानेश्वर पाटिल, विश्वविद्यालय के कुलपति मुकेश तिवारी सहित शासी निकाय के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *