65 हजार बूथों पर सुना जाएगा पीएम का संबोधन
भोपाल
भाजपा का स्थापना दिवस बुधवार को है। इस दिन पार्टी के हर कार्यकर्ता को घर पर झंडा लगाने और सुबह से होने वाले पार्टी कार्यक्रम में शामिल होने के निर्देश प्रदेश संगठन द्वारा दिए गए हैं। बूथ विस्तारक योजना में डिजिटल हुए प्रदेश के 92 प्रतिशत बूथों में इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी का संबोधन लाइव सुना जाएगा। इसके अलावा जिन अन्य बूथों पर अभी डिजिटलीकरण होना है, वहां भी पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री का कार्यकर्ता के नाम संदेश सुनने के लिए कहा गया है।
प्रदेश संगठन द्वारा 6 अप्रैल को मनाए जाने वाले स्थापना दिवस को लेकर सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि हर बूथ तक पार्टी द्वारा उपलब्ध कराए गए झंडे और टोपी पहुंचाने की व्यवस्था की जाए ताकि बुधवार की सुबह पार्टी कार्यकर्ता जब प्रभातफेरी में निकलें तो हर सिर पर पार्टी की टोपी हो और समाज के समक्ष पार्टी के स्थापना दिवस की चर्चा हो। इसके बाद पीएम मोदी सुबह 10 बजे से कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसमें एमपी ही अकेला ऐसा प्रदेश है जिसमें 65 हजार बूथों में से 92 प्रतिशत बूथ पर काम करने वाले कार्यकर्ता पीएम के संबोधन को लाइव सुन सकेंगे।
