राजधानी में गर्म हवाओं के कहर, तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
भोपाल
राजधानी में गर्म हवाओं के कहर बढ़ने से सुबह से ही बेचैनी और उमस बढ़ने लगी है। आलम यह है कि सुबह ही तपिश का अहसास होता है और तेजी से बढ़ती जा रही है। इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उसके आसपास बना हुआ है। उसके प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान पर प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। इसके अतिरिक्त दक्षिण- पूर्वी प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बन गया है। इन मौसम प्रणालियों के असर से हवाओं का रुख बार-बार बदल रहा है, इसके चलते तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है। हालांकि दिन के तापमान में अधिक बढ़ोतरी होने की संभावना नहीं है।
उधर पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ जाने के बाद तापमान में कुछ कमी आने के आसार हैं। अगले 24 घंटों के बारे में मौसम विभाग का अनुमान है कि आसमान में हल्के बादल छाये रहेंगे और दोपहर में हवा की गति तेज होने के कारण लू चलने के आसार हैं। आज सुबह राजधानी का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री से. दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री से. अधिक रहा। यह शनिवार के अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री से. की तुलना में 0.4 डिग्री से. अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
