रामनवमी और हनुमान जयंती मनाने के पीसीसी ने दिए निर्देश
भोपाल
विधानसभा चुनाव के पहले प्रदेश कांग्रेस एक बार फिर सॉफ्ट हिंदुत्व की ओर फिर से दिखाई देने लगा है। इसी कड़ी में रामनवमी और हनुमान जयंती पर पार्टी के दिग्गज नेताओं सहित पार्टी के कार्यकर्ता श्रीराम और भगवान हनुमान की भक्ति में डूबे नजर आएंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ जहां छिंदवाड़ा में हनुमान जयंती पर विशेष पूजा अर्चना करेंगे। रामनवनी पर कमलनाथ की ओर से शुभकामना संदेश भी प्रदेशवासियों को दिया जाएगा। नाथ के साथ इस बार रामनवमी और हनुमान जयंती को धूमधाम और भक्तिभाव से मनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस की ओर से सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को रामनवमी और हनुमान जयंती को भव्य तरीके से मनाने के लिए पत्र भेजा। 10 अप्रैल को रामनवमी के दिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राम कथा वाचन और रामलीला जैसे कार्यक्रम करने के लिए भी कहा गया। जबकि 16 अप्रैल को हनुमान जयंती के दिन हनुमान चालीसा और सुंदर काण्ड का पाठ करने के लिए कहा गया। मप्र कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने सभी जिलाध्यक्षों, जिला, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों, विधायकों, पूर्व विधानसभा व लोकसभा प्रत्याशियों, जिला प्रभारियों, मोर्चा, संगठन और विभाग प्रमुखों को इस बाबत पत्र लिखा है। रामनवनी और हनुमान जयंती को मनाने की रिपोर्ट भी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय बुलाई जाएगी।
