नव संवत्सर उत्सव के बीच बड़ी सौगात, ग्लोबल कंपनीज आएंगी पीथमपुर

भोपाल
प्रदेश में बारह नये क्षेत्रों में बारह नये सहकारी संघ बनाए जाएंगे। इसके लिए प्रत्येक संघ में नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। इन नये संघों से नये क्षेत्रों में भी सहकारिता की भावना से काम करना संभव हो सकेगा।

जो बारह नये सहकारी संघ बनाए जाने है उनमें मध्यप्रदेश राज्य सहकारी भंडारण संघ, मध्यप्रदेश राज्य सहकारी पर्यटन संघ, मध्यप्रदेश राज्य सहकारी जन औषधि विपण संघ का पंजीयन भी कर दिया गया है। इसके अलावा राज्य सहकारी उद्यानिकी संघ, राज्य सहकारी श्रमिक संघ, राज्य सहकारी ग्रामीण परिवहन संघ, राज्य सहकारी खनिज संघ, राज्य सहकारी सेवा प्रदाता संघ, राज्य सहकारी आईटी संघ, राज्य सहकारी उर्जा संघ, राज्य सहकारी जैविक उर्वरक संघ और राज्य सहकारी ग्रामीण औद्योगिकीकरण संघ का गठन किया जाएगा। इन सभी सहकारी संघों के गठन के लिए सहकारिता विभाग ने एक-एक नोडल अधिकारी की तैनाती कर दी गई है।

अपेक्स स्तर पर भी बनेगा सहकारी संघ
इन सभी सहकारी संघों में प्राथमिक सहकारी समिति बनेगी इसके बाद जिला स्तर पर और अपेक्स स्तर पर भी सहकारी संघ का गठन किया जाएगा। सबसे पहले जनता के स्तर पर प्राथमिक सहकारी समितियां बनाई जाएंगी। इसके लिए कवायद शुरु हो गई है। नवीन क्षेत्रों में संघ के बनने से प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में गतिविधियां बढ़ेगी और रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन की गतिविधियां बढ़ेगी। श्रमिक संघों को जोड़कर रोजगार दिलावाने की गतिविधियां की जाएंगी। उद्यानिकी के क्षेत्र में काम होगा। खनिज खनन और परिवहन की गतिविधियां भी सहकारी संघ करेंगे। सरकारी और निजी क्षेत्रों में सेवा प्रदाता के रूप में भी सहकारी संघ सेवाएं उपलब्ध कराएंगे और रोजगार के अवसर भी दिलाएंगे। इसी तरह जैविक उर्जा के क्षेत्र में और ग्रामीण औद्योगिकीकरण के क्षेत्र में भी गतिविधियों में इजाफा हो सकेगा।

इंडिया आॅटो एक्सपो की तर्ज पर पीथमपुर में होगा मप्र आॅटो शो
मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के समीप पीथमपुर क्षेत्र में शिकागो और जर्मनी के आॅटो एक्सपो और नोएडा के इंडिया आॅटो एक्सपो की तर्ज पर मध्यप्रदेश आॅटो शो का आयोजन किया जाएगा। इसी माह 28 से 30 अप्रैल के बीच पीथमपुर में यह बड़ा आयोजन होगा।

औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव संजय शुक्ला ने इस आयोजन को लेकर आज इंदौर में संभागायुक्त पवन शर्मा, कलेक्टर मनीष सिंह, आईजी इंदौर राकेश गुप्ता सहित अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ तैयारियों पर चर्चा की। जिस तरह शिकागो और जर्मनी में बड़े स्तर पर आॅटो शो किए जाते है और दिल्ली के समीप नोएडा में हर दो ासल में इंडिया आॅटो एक्सपो का आयोजन किया जाता है उसी तर्ज पर अब मध्यप्रदेश में पहली बार वृहद स्तर पर मध्यप्रदेश आॅटो शो का आयोजन किया जा रहा है।

इस आॅटो शो में भारत और विदेशों के अत्याधुनिक वाहन, कार, बस, ट्रक, इलेक्ट्रानिक वाहन, वाहनों के उपकरण, वाहनों में उपयोग की जाने वाली उन्नत तकनीकी एक ही स्थान पर देखने को मिल सकेगी। मध्यप्रदेश आॅटो एक्सपो में सभी तरह के दुपहिया, तिपहिया और चार पहिया वाहन देखने को मिलेंगे। आमजन यहां न केवल वाहन देख सकेंगे बल्कि वाहनों की खरीदी भी कर सकेंगे। तीन दिनों तक लगने वाले इस मध्यप्रदेश आॅटो शो में आॅटो इंडस्ट्री से जुड़े बड़े उद्योगपति, औद्योगिक कंपनियों के सीईओ, प्रतिनिधि, रिसर्चर भी शामिल होंगे। वाहनों के विक्रेता, क्रेता और आॅटो इंडस्ट्री से जुड़े तमाम लोग इसमें शामिल होंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *