मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक में कल्लू राम को मिली डायबिटीज जांच सुविधा

कोरिया
मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना, ऐसी योजना जिसने स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता की परिभाषा बदल दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में साप्ताहिक हाट बाजारों में मोबाइल मेडिकल यूनिट पहुंच कर लोगों को दवाइयों और स्वास्थ्य जांच की सुविधा मुहैया करा रही है। जिससे अब लोग अपने परिजन के साथ सप्ताह में हाट के लिए आते हैं और साथ ही नि:शुल्क इलाज की सुविधा भी पाते हैं।

हाट बाजार क्लिनिक में लगातार आकर स्वास्थ्य सुधार पा चुके कल्लूराम बताते हैं कि वे बैकुंठपुर के ग्राम छिंदडाड़ में लगने वाले साप्ताहिक हाट बाजार में आते हैं। हाट बाजार क्लीनिक में उन्होंने डायबिटीज की जांच करवाते हैं। आज उनका डायबिटीज लेवल 150 के करीब है। वे लगभग हर 15 दिन के अंतराल में आते हैं और अपना डायबिटीज चेक करा कर नि:शुल्क मेडीसीन ले जाते हैं। शुरूआत में जब कल्लूराम ने जब अपना चेकअप करवाया, तब डायबिटीज लेवल 200 से 250 के बीच रहता था पर अब मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक में मेडिकल टीम की आहार के बारे में जानकारी, स्वच्छता, रहन-सहन के बारे में मिली सलाह से डायबिटीज नियंत्रण में है। कल्लूराम बताते हैं कि वे अब पहले से बेहतर और सुरक्षित महसूस करते हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण टेस्ट कराने में जो दिक्कत थी, उसका भी समाधान हो गया है और दवाइयां भी नि:शुल्क मिल रही है।

इसी तरह का अनुभव खरवत के रहने वाले 22 वर्षीय रितेश का भी है। रितेश का 3 माह पूर्व एक्सीडेंट हुआ था, जो ईलाज के बाद ठीक भी हो गया, फिर भी कुछ घाव ठीक होने बाकी है। इसके लिए वे सप्ताहिक हाट बाजार क्लीनिक में आते हैं  जहां उन्हें ड्रेसिंग की सुविधा मिल जाती है। बीच के दिनों के लिए ड्रेसिंग के लिए क्लिनिक से आवश्यक चिकित्सकीय सामग्री मिल जाती है। इस तरह से रितेश को अपने घर के बेहद पास ही सारी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल जाती हैं। रितेश कहते हैं कि मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना ग्रामीण क्षेत्रों के रहने वाले लोगों के लिए वरदान है। इसमें लगभग सभी प्रकार के सामान्य बीमारियों की दवाईयां उपलब्ध रहती है, और स्वास्थ्य जांच भी हो जाती है। इससे समय और आर्थिक बचत दोनों हो जाती हैं।

मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना के तहत जिले में बीते सप्ताह 25 मार्च से 31 मार्च तक 34 34 हाट बाजार में मेडिकल टीम पहुंची जहां 1907 लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराई गई। मार्च माह में 148 हाट बाजार में मेडिकल टीम पहुंची। इनमें 7 हजार 336 लोगों को नि:शुल्क दवाइयां एवं स्वास्थ्य जांच की गई। क्लिनिक में हीमोग्लोबिन, ब्लड, शुगर, उच्च रक्त चाप एवं मलेरिया की जांच की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *