अब हिमाचल प्रदेश में आप में शामिल हुए 70 नेता, सत्येंद्र जैन बोले- सभी 68 सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार

धर्मशाला

पंजाब में जीत का परचम लहराने वाली आम आदमी पार्टी अब हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा को कड़ी चुनौती देने की तैयारी में है। गुरुवार को धर्मशाला पहुंचे दिल्ली के हेल्थ मिनिस्टर सत्येंद्र जैन ने कहा कि आम आदमी पार्टी राज्य में सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने सूबे के करीब 70 लोगों को आप जॉइन कराई। इस मौके पर नगरोटा बगवां स्थानीय निकाय के चेयरमैन और भाजपा नेता नरेश वरमानी भी शामिल हुए। इसके अलावा धर्मशाला से 2019 के उपचुनाव में लड़ चुके राकेश चौधरी पहले ही आम आदमी पार्टी जॉइन कर चुके हैं। उन्हें तब अपने दम पर 16,000 वोट मिले थे। माना जा रहा है कि आम आदमी पार्टी से उतरने के बाद वह कड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं।

मीडिया से बात करते हुए सत्येंद्र जैन ने कहा कि आम आदमी पार्टी राज्य की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने दिखा दिया है कि भाजपा को हराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य में आम आदमी पार्टी जमीनी स्तर पर काम करेगी और आम लोगों में से ही विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा। कांग्रेस और भाजपा की ओर से आप की चुनौती को खारिज किए जाने की बात पर जैन ने कहा कि इन दलों ने हमें पंजाब में भी खारिज किया था, लेकिन आप ने वहां सरकार बनाकर दिखाई।

बता दें कि आम आदमी पार्टी की संभावनाओं को कुछ जिलों में बेहतर माना जा रहा है। खासतौर पर पंजाब से सटे कांगड़ा और ऊना जिले में आम आदमी पार्टी अपने लिए संभावनाएं देख रही हैं। फिलहाल आप का फोकस कांग्रेस और भाजपा के कुछ नाराज नेताओं को अपने साथ जोड़ने पर है। गौरतलब है कि 6 अप्रैल को आम आदमी पार्टी ने मंडी जिले में तिरंगा यात्रा निकालने का फैसला लिया है। इसमें दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी शामिल होंगे। इसी दिन भाजपा भी अपने स्थापना दिवस के मौके पर कई कार्यक्रम करने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *