BJP मीडिया विभाग बैठक में बोले मुरलीधरराव, जनता तक पहुंचाने का सबसे बड़ा माध्यम मीडिया
भोपाल
संगठन और सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाने का सबसे बड़ा माध्यम मीडिया है। मीडिया विभाग के पदाधिकारी और कार्यकर्ता इसलिए संगठन और सरकार दोनों के लिए ही अहम रोल अदा करते हैं क्योंकि इसकी जिम्मेदारी निभाने वाले और उनके वक्तव्य ही सरकार और संगठन के चेहरे के रूप में सामने आते हैं। भाजपा सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। इसलिए मीडिया विभाग की जिम्मेदारी भी अधिक है। आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने ये बातें मीडिया विभाग की बैठक में कहीं।
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की मौजूदगी में हुई शुक्रवार को हुई बैठक में मीडिया विभाग से संगठन और सरकार की अपेक्षाओं को साझा करने के साथ यह भी कहा गया कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी मीडिया विभाग के अंतर्गत आने वाले पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रियता दिखाई देनी चाहिए। क्योंकि सोशल मीडिया में कई बार अनर्गल बातें वायरल कर सरकार और संगठन को बदनाम करने की कोशिश की जाती है। इसलिए ऐसे मामलों में तथ्यों के साथ पलटवार करना मीडिया विभाग की जिम्मेदारी है। गौरतलब है कि इसके पहले शिवराज सरकार के दो साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी भाजपा मीडिया विभाग से सीएम चौहान ने संवाद किया था और उन्होंने भी सोशल मीडिया पर और एक्टिव होने के निर्देश दिए थे।
सीएम के साथ चाय पर चर्चाÞ
इसके पहले प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा सीएम निवास पहुंचे। यहां चाय पर चर्चा के दौरान पचमढ़ी चिंतन बैठक, प्रदेश कार्यालय में कल हुई बैठक को लेकर चर्चा हुई। साथ ही सत्ता संगठन में समन्वय और संगठन में दी जाने वाली नई जिम्मेदारियों को लेकर भी विचार विमर्श किया गया।
