सीएसके के खिलाफ मिली जीत पर गौतम गंभीर का रिएक्शन हुआ वायरल, मैच के बाद धोनी से भी हुई मुलाकात

नई दिल्ली

लखनऊ सुपर जाइंट्स ने गुरुवार रात चेन्नई सुपर किंग्स को 6 विकेट से हराकर आईपीएल 2022 का पहला मैच जीता। इस जीत के बाद टीम के मेंटोर गौतम गंभीर काफी खुश नजर आएं। इस हाई स्कोरिंग मुकाबले में लखनऊ की जीत पर गंभीर डक आउट में काफी जोश के साथ जश्न मनाते हुए दिखाई दिए। मैच के बाद उनका यह रिएक्शन काफी वायरल हो रहा है। वहीं गंभीर की मुलाकात सीएसके के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से भी हुई। धोनी और गंभीर की यह तस्वीर भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है और फैंस भी इसे काफी पसंद कर रहे हैं।

गौतम गंभीर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर धोनी के साथ इस मुलाकात की तस्वीर पोस्ट की है। इस फोटो को पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा "कप्तान से मिलकर काफी अच्छा लगा।" बात मुकाबले की करें तो लखनऊ के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 211 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था। रॉबिन उथप्पा के 50 और शिवम दूबे के 49 रनों के दम पर टीम इस स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही थी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम ने 3 गेंदें और 6 विकेट शेष रहते जीत हासिल की। इस दौरान एविन लुईस ने 23 गेंदों पर 55 रनों की तूफानी पारी खेली।
 

लखनऊ इस जीत के साथ प्वॉइंट्स टेबल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से ऊपर 6ठें पायदान पर पहुंच गई है, वहीं लगातार दो मैच हारने वाली सीएसके 8वें स्थान पर है। बता दें, आईपीएल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब सीएसके किसी भी सीजन के शुरुआती दो मैच हारी हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *