देवरिया कैशवैन लूटकांड के आरोपी को पुलिस ने महराजगंज में घेरा, मुठभेड़ में लगी गोली
महराजगंज
उत्तर प्रदेश के देवरिया में कैशवैन लूटकांड का एक वांछित महराजगंज के पनियरा क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया है। पुलिस टीम पर फायर झोंकते हुए वह भाग रहा था। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पनियरा थाने में एसपी प्रदीप गुप्ता भी पहुंच गए।
तीन दिन पहले देवरिया कैशवैन लूटकांड में एक वांछित दीपक पांडेय बुधवार की रात पनियरा क्षेत्र में था। पनियरा एसओ रामाज्ञा सिंह अपनी टीम के साथ बुधवार की रात भौराबारी के पास रूटीन जांच कर रहे थे। इसी दौरान वह बाइक से गुजरा। पुलिस के रोकने पर भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया तो पुलिस के मुताबिक उसने फायर शुरू कर दिया। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो उसके पैर में गोली लगी। एनकाउंटर की खबर लगते ही सनसनी मच गई। पुलिस ने घायल वांछित को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मुठभेड़ की खबर मिलने पर एसपी प्रदीप गुप्ता पनियरा थाने पहुंच गए।
