विल स्मिथ के खिलाफ शुरू हुई कार्रवाई, एकेडमी ने थप्पड़ कांड के बाद बाहर जाने को कहा था

वॉशिंगटन
दिग्गज अभिनेता विल स्मिथ के खिलाफ ऑस्कर एकेडमी ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिस तरह से ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी के दौरान विल स्मिथ ने कॉमेडियन क्रिस रॉक को थप्पड़ मारा था उसके बाद से वह लगातार विवाद में हैं। एकेडमी की ओर से कहा गया था कि विल स्मिथ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। जिसके बाद इस पूरे मामले में विल स्मिथ के खिलाफ कार्रवाई की शुरुआत हो गई है। एकेडमी की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस घटना के बाद विल स्मिथ से कार्यक्रम से बाहर जाने के लिए कहा गया था लेकिन विल स्मिथ ने ऐसा करने से इनकार कर दिया था।

गौर करने वाली बात है कि ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी के दौरान कॉमेडियन क्रिस रॉक ने विल स्मिथ की पत्नी को लेकर एक मजाक किया था, जिससे विल स्मिथ इतना नाराज हुए कि उन्होंने सबके सामने मंच पर पहुंचकर क्रिस को थप्पड़ जड़ दिया था, यही नहीं मंच से वापस लौटने के बाद उन्होंने क्रिस से चिल्लाते हुए कहा कि अपने मुंह से मेरी पत्नी का नाम मत लो। हालांकि इस पूरे मामले में बाद में विल स्मिथ ने माफी मांगी थी। बाद में सोशल मीडिया पर भी पोस्ट के जरिए विल स्मिथ ने माफी मांगी थी और कहा था कि हिंसा की दुनिया में कोई जगह नहीं हो सकती है। इस घटना के बाद से लगातार विल स्मिथ चर्चा में बने हुए हैं।

  विल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके लिखा था कि किसी भी रूप में हिंसा की कोई जगह नहीं हो सकती है। एकेडमी अवॉर्ड्स के दौरान मेरा व्यवहार ठीक नहीं था, जिसे कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता है। मेरे काम में मजाक बनाना इस पेशे का हिस्सा है, लेकिन जेडा की मेडिकल स्थिति पर मजाक मेरे लिए बर्दाश्त करने के लिए बहुत ज्यादा था, मैंने भावना में बहकर यह प्रतिक्रिया दे दी। मैं सार्वजनिक तौर पर क्रिस से मांफी मांगता हूं, मैं इसके लिए शर्मिंदा हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *