व्यापमं अध्यक्ष की विदाई के बीच रिजल्ट को लेकर मची उथल-पुथल
भोपाल
व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) के अध्यक्ष आईसीपी केशरी के रिटायरमेंट के साथ ही पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा के रिजल्ट के कारण उथल-पुथल मच गई है। गौरतलब है कि केशरी कल 31 मार्च को रिटायर्ड हो रहे हैं। शिकायतों के चलते गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के बयान के बाद व्यापमं में पुरानी फाइलों को खंगालने का काम शुरू हो गया है। इसके अलावा, पिछले सप्ताह प्राइमरी शिक्षक पात्रता परीक्षा के पेपर लीक मामले में भी अफसरों में हायतौबा मची है। अचानक इन दोनों मामलों को लेकर व्यापमं पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा रिजल्ट में कई ऐसे उम्मीदवारों का चयन किया गया है, जिनके कम अंक हैं और कई ऐसे अयोग्य घोषित कर दिए गए, जिनके ज्यादा अंक है। इस पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। इस मामले में नरोत्तम मिश्रा ने बयान दिया है कि यदि रिजल्ट को लेकर कोई गड़बड़ी है, तो आवेदक शिकायत करें। हम इस पूरे मामले की मैप आईटी से जांच कराएंगे। बता दें कि व्यापमं पहले से ही परीक्षाओं को लेकर खासा बदनाम हो चुका है।
