इंजीनियरिंग के छात्र की गोली मार कर हत्या, रास्ता विवाद में घर में घुसकर मारी गोली
सहरसा
बिहार में जमीन और रास्ते का विवाद लगातार जानलेवा बनता जा रहा है। सरकार इस पर रोक लगाने में विफल है। ताजा मामला सहरसा जिले से जहां एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई है। घटना जिले के सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र में बीती रात की है।
मृत युवक की पहचान 20 वर्षीय जयकांत यादव के रूप में हुई है। जमीन विवाद में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। रास्ते विवाद को लेकर बघैल गांव के जयकांत यादव को सुप्तावस्था में घर में घुसकर कई लोगों ने गोली मार दी। जख्मी जयकांत को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
परिजनों ने कई लोगों के खिलाफ एक महीने से चल रहे रास्ता विवाद में गोली मार कर हत्या करने का आरोप लगाया है। आपसी समझौते के आधार पर विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया था। इंजिनियरिंग के छात्र जयकांत को गोली सिर में लगी है।
