प्रत्येक वर्ष होगा खेल महोत्सव का आयोजन – ऊर्जा मंत्री तोमर

भोपाल

जेसी मिल ग्राउंड ग्वालियर में विधायक कप-2022 “फुटबॉल प्रतियोगिता“ के शुभारंभ पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि खेल हमारे जीवन का प्रमुख हिस्सा है। एक स्वस्थ शरीर के लिए खेल कूद को दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। खेलने से तन और मन स्वस्थ रहता है। हर किसी को कोई न कोई खेल खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी रहेगी।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग, ग्वालियर द्वारा 15-ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में विधायक कप-2022 “फुटबॉल प्रतियोगिता“ का तीन दिवसीय आयोजन किया जा रहा है। इसका शुभारंभ फुटबॉल में किक मारकर ऊर्जा मंत्री तोमर ने किया। इस प्रतियोगिता में विधानसभा की 20 टीम भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल हमें समयबद्धता, धैर्य, अनुशासन और समूह में कार्य करना सिखाते हैं। खेलने से आत्मविश्वास के स्तर का निर्माण होता है। यदि हम खेल का नियमित अभ्यास करें, तो हम अधिक सक्रिय और स्वस्थ रह सकते हैं।

तोमर ने कहा कि जेसी मिल ग्रांउड पर लगभग तीन करोड की लागत से स्पोर्ट कॉम्प्लेक्स शीघ्र ही बनने जा रहा है। इसमें क्षेत्र के युवाओं को खेलने के लिये अत्याधुनिक सुविधायें मिलेंगी। साथ ही मनोरंजनालय में 500 सीट का एक ऑडिटोरियम का निर्माण होने जा रहा है।

इस दौरान जन-प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक व युवा खिलाडी उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *