हजारों में से चुनकर आई 100 शिक्षकों की शिक्षण सहायक सामग्री

भोपाल

प्रदेश में इन दिनों शिक्षकों द्वारा जोर-शोर से सहायक शिक्षण सामग्री का निर्माण किया जा रहा है। शाला स्‍तर पर निर्मित शिक्षण सहायक सामग्री प्रदर्शनी के बाद अब 28 और 29 मार्च 2022 को राजधानी भोपाल के प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्‍थान में दो दिवसीय राज्‍य स्‍तरीय प्रदर्शनी सह प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। शासकीय विद्यालयों के शिक्षक अपने विद्यार्थियों के साथ विज्ञान की अवधारणाओं को समझाने, भाषा की सहज समझ विकसित करने और गणितीय अवधारणाओं को खेल-खेल में हल करने के लिए आसपास की अनुपयोगी सामग्री से टीएलएम सामग्री निर्मित कर रहे हैं। ये सामग्री गुणवत्‍ता और शैक्षिक उपयोग के लिए श्रेष्‍ठता के आधार पर परखी भी जा रही है। जिसे शाला स्‍तर से राज्‍य स्‍तर पर पुरस्‍कृत और प्रदर्शित भी किया जा रहा है।

संचालक राज्य शिक्षा केंद्रधनराजू एस ने बताया कि प्रारंभिक स्तर के शिक्षकों के द्वारा बच्चों की गुणवत्ता बढ़ाने और विज्ञान की कठिन अवधारणाओं को स्पष्ट करने के लिए विभिन्न प्रकार की सहायक सामग्री का उपयोग किया जाता है। यह सामग्री शिक्षक द्वारा विषय एवं विषय-वस्तु के अनुरूप लो कॉस्ट, नो कॉस्ट मटेरियल से निर्मित की जाती है। यह सामग्री कबाड़ से जुगाड़, बेकार वस्तुओं, प्राकृतिक और कम लागत सामग्री से विकसित की जाती है। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों में एक दूसरे से सीखने और समझने की कला और कौशल विकसित होंगे। इसीलिए इस शिक्षण सहायक सामग्री निर्माण प्रतियोगिता की जा रही है।

धनराजू ने बताया कि इस उद्देश्य को लेकर टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मैटेरियल) शिक्षण सहायक सामग्री निर्माण प्रतियोगिता और मेला 4 मार्च को शाला स्‍तर पर, 7 मार्च को जन शिक्षा केंद्र स्‍तर पर, 11 मार्च को विकासखंड स्‍तर पर, 14 मार्च को जिला स्‍तर पर और 25-26 मार्च को संभागीय स्‍तर पर किया गया। इसी क्रम में 28 और 29 मार्च को राज्य स्तर पर यह प्रतियोगिता राजधानी भोपाल के प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्‍थान में आयोजित की जा रही है। इसमें प्रत्‍येक संभाग से चुनकर आई प्रथम, द्वितीय, तृतीय 3-3 उत्कृष्ट प्रादर्श भाषा, गणित और विज्ञान विषयों पर आधारित हैं। इनमें से प्रत्‍येक कैटेगरी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय का चयन किया जाकर शिक्षकों को पुरूस्‍कृत किया जायेगा। शिक्षक सहायक सामग्री की प्रदर्शनी 29 मार्च 2022 को कक्षा पहली से 9वीं तक के विद्यार्थी, शिक्षक, जन-प्रतिनिधि और आमजन के अवलोकन के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी के समापन पर पुरस्‍कार वितरण भी किया जायेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *