युवाओं को संगठन से जोड़ने संसदीय क्षेत्र में सामने आ रहे हर खेल में हजारों युवा
भोपाल
बीजेपी अब मंडल और विधानसभा व संसदीय क्षेत्र स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे लाकर उन्हें प्रदेश, देश और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए काम करेगी। इसके लिए सांसद और विधायक कप के जरिये खेल प्रतिभाओं को आगे लाने का काम करने के साथ भाजपा खेल प्रकोष्ठ भी तेजी से काम करेगा।
इस प्रकोष्ठ की गतिविधियां अब सिर्फ दिखावे के लिए नहीं हों, इस पर जोर दिया जाएगा। प्रदेश में कई जिलों में इन दिनों विधायक और सांसद कप के जरिये भाजपा के निर्वाचित प्रतिनिधि शहरी और ग्रामीण युवाओं के बीच सक्रिय हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, विधायक नारायण त्रिपाठी समेत कई विधायक व सांसद खेल कप कराकर युवाओं के बीच पहुंच रहे हैं। इन खेल प्रतियोगिताओं में युवाओं की हजारों की संख्या में भागीदारी को देखते हुए अब भाजपा संगठन ने तय किया है कि खेल कप पर और अधिक फोकस किया जाएगा। युवा मोर्चा युवाओं को सरकार की योजनाओं के साथ जोड़ने के साथ खेल के मौके दिलाने के लिए भी प्रोत्साहित करेगा वहीं पार्टी का खेल प्रकोष्ठ खेल प्रतियोगिताओं को लेकर नई रणनीति बनाकर युवाओं को संगठन से जोड़ेगा।
कटनी में शुरू हुई सांसद खेल प्रतियोगिता
कटनी में सोमवार से सांसद वीडी शर्मा की ओर से सांसद खेल प्रतियोगिता की शुरुआत की गई। इस मौके पर बालीवाल, फुटबाल, क्रिकेट समेत अन्य खेलों में पन्ना, कटनी, छतरपुर जिलों के मंडल और विधानसभा स्तर से चुनकर आए युवाओं की टीमों ने इन खेलों में अपनी टीम का प्रतिनिधित्व किया। यह प्रतियोगिता दो अप्रेल तक चलेगी।
हर खेल में बढ़ रही सहभागिता, कंट्रोल रूम बनाएंगे
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का कहन है कि खिलाड़ियों की हर खेल में सहभागिता बढ़ रही है। मंडल और विधानसभा स्तर पर बनी टीमों में जो खिलाड़ी सामने आ रहे हैं, वे प्रदेश और नेशनल लेवल पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब होंगे। सांसद खेल कप प्रतियोगिता के जो व्यापक हित दिखाई दे रहे हैं, उसे हर संसदीय क्षेत्र में बढ़ावा देने के साथ पार्टी का खेल प्रकोष्ठ इसके लिए काम करेगा। खेल प्रकोष्ठ ऐसी प्रतिभाओं को मौका देकर मंच देगा और इसके लिए पार्टी का प्रकोष्ठ काम कर भी रहा है।
