राज्यसभा के लिए पीसीसी भेजेगी हाईकमान को प्रस्ताव
भोपाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की सहमति के बाद इस बार प्रदेश कांग्रेस से राज्यसभा के लिए नाम भेजा जाएगा। इसमें संगठन के किसी पदाधिकारी को मौका दिए जाने की हाईकमान से मांग की जा सकती है। इस पर जल्द ही निर्णय होने जा रहा है। गौरतलब है कि राज्यसभा की तीन सीटों पर जून में चुनाव होना है, इसमें से एक सीट कांग्रेस के खाते में आना तय माना जा रहा है।
सूत्रों की मानी जाए तो राज्यसभा में इस बार प्रदेश कांग्रेस नए चेहरे को मौका दे सकती है। यह नया चेहरा पार्टी संगठन के किसी पदाधिकारी का हो सकता है। बताया जाता है कि इसके जरिए कांग्रेस प्रदेश भर में अपने कार्यकर्ताओं को यह संदेश देने का प्रयास करेगी कि पार्टी के लिए लगातार काम करने वालों को भी नजर अंदाज नहीं किया जाता है, उन्हें भी राज्यसभा जैसे सबसे बड़े सदन में जाने का मौका मिल सकता है। इस संदेश के जरिए कमलनाथ पार्टी के संगठन में काम करने वालों का काम के प्रति मनोबल बढ़ सके। इसे लेकर पार्टी के अंदर विचार-विमर्श अपने अंतिम दौर में हैं। कमलनाथ के भोपाल आते ही इस संबंध में अंतिम फैसला हो सकता है और यहां से संगठन के किसी पदाधिकारी का नाम हाईकमान को भेजा जा सकता है।
आठ नामों पर हो सकता है विचार
इस निर्णय के बाद संगठन से जुड़े आठ नेताओं के नाम पर विचार हो सकता है। जिसमें दो महिला भी शामिल हो सकती है। ये सभी लंबे अरसे से संगठन के लिए काम कर रहे हैं और कभी कोई बड़ा मौका नहीं मिला है। इस बार इन आठ में से एक नेता के नाम का प्रस्ताव भेजा सकता है।
