जलजीवन मिशन : बुरहानपुर प्रदेश हर घर में नल से जल का पहला जिला, 30 को मुहर
भोपाल
मध्यप्रदेश का बुरहानपुर जिला जलजीवन मिशन में हर घर में पेयजल पाने वाला प्रदेश का पहला जिला बनने जा रहा है। तीस मार्च को इस मौके पर एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है जिसमें मुख्यमंत्री शामिल होंगे और बुरहानपुर को प्रदेश का पहला हर घर जल वाला जिला घोषित करेंगे। इसके साथ ही 52 जिलों के 945 गांवों में 474 करोड़ रुपए से 2 लाख 85 हजार परिवारों तक पेयजल पहुंचाने की योजनाओं का भी इसी दिन लोकार्पण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री तीस मार्च को बुरहानपुर के खड़कोड़ गांव में आयोजित समारोह में बुरहानपुर जिले को संपूर्ण पेयजलयुक्त जिला घोषित करेंगे। इस मौके पर जिले के सभी गांवों में पेयजल स्रोत या गांव के किसी प्रसिद्ध स्थल से पानी की टंकियों तक कलश यात्रा निकाली जाएंगी। इसमें क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। मुख्य समारोह का आॅनलाईन और यूटयूब, टवीटर के जरिए पूरे प्रदेश में प्रसारण किया जाएगा। प्रदेश के बैतूल, बालाघाट, दतिया और देवास जिलों के जिन गांवों में जलजीवन मिशन से पेयजल पहुंचाया गया है वहां भी कलश यात्रा और जल उत्सव का आयोजन किया जाएगा।
बुरहानपुर जिला प्रदेश का पहला ऐसा जिला बनने जा रहा है जहां हर गांव के हर घर में पेयजल उपब्ध होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तीस मार्च को इसकी विधिवत घोषणा करेंगे और जिले की सभी पेयजल वितरण योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद निवाड़ी के हर गांव के हर घर में पेयजल पहुंचाने की हमारी तैयारी है।
मलय श्रीवास्तव, अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग
