भोपाल से सांची को अब फोरलेन बनने की कवायद शुरू, 27 करोड़ का प्रपोजल भेजा

रायसेन

 अब रायसेन सहित विदिशा जिलेवासियों को आवाजाही में किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि भोपाल सांची टू लेन को अब फोरलेन बनने की कवायद शुरू हो चुकी है, फोरलेन बनते ही लोगों को जहां वाहन दौड़ाने के लिए चकाचक सड़कें मिलेंगी, वहीं रायसेन से विदिशा और विदिशा से रायसेन आवाजाही में पहले से बहुत कम समय लगेगा।

अभी तक अच्छी सड़कों के लिए तरसा जिला मुख्यालय अब शहर के अंदर और बाहर सरपट दौड़ती सड़कों से जुडऩे वाला है। दरअसल शहर के बीच से निकले मार्ग के चौड़ीकरण का काम जारी है। साथ ही शहर के आसपास से गुजरी सड़कों का भी चौड़ीकरण जल्द ही शुरू होने वाला है। इसके अलावा एक और बायपास की सौगात जल्द ही मिलने वाली है। जिसके लिए प्रशासन ने बजट का प्रपोजल बनाकर शासन तक भेज दिया है। लगभग 2 साल पहले बने भोपाल-सांची टू लेन मार्ग को अब फोरलेन बनाया जाएगा, हालांकि यह भोपाल से रायसेन आकर सांची तक नहीं बल्कि कोड़ी से मेहगांव होते हुए विदिशा की ओर जाएगा। इस फोरलेन मार्ग के बनने से रायसेन और विदिशा के बीच दूरी कम होगी, बल्कि सफर भी आसान होगा। इस मार्ग के निर्माण की प्रक्रिया में एनएचएआई ने जनवरी में ही नोटिफिकेशन जारी कर दिया था।

इधर रायसेन के गोपालपुर से सागर रोड पर खरगावली तक बायपास निर्माण के लिए भी बजट का प्रपोजल प्रदेश सरकार को भेज दिया गया है, जिसकी स्वीकृति के बाद इस बायपास के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।

इन दो सड़कों से शहर के विकास को गति मिलने के साथ सीमाओं का भी विस्तार होना तय है। सालों से पिछड़े और अविकसित मुख्यालय का दंश झेल रहे शहर को विकास की दौड़ में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

प्रशासन ने 27 करोड़ का प्रपोजल भेजा
प्रशासन द्वारा पीडब्लूडी से बायपास मार्ग का प्रपोजल बनवाया गया है, जिसमें शुरुआती तौर पर 27 करोड़ का प्रस्ताव बहु अर्जन के लिए रखा गया है। फिलहाल शुरुआती प्रक्रिया के लिए शासन की ओर से बजट प्रपोजल की मांग की गई थी। जिसे बनाकर दिया गया है।

इसमें सांची रोड पर गोपालपुर से सागर रोड पर खरगावली तक सात किमी लंबाई में सड़क निर्माण का अनुमान लगाया गया है। इस बीच आने वाली सरकारी और निजी जमीनों की नापतौल कर भूअर्जन की राशि का अनुमान लगाया गया है। स्वीकृति के बाद वास्तविक मूल्यांकन और बायपास निर्माण के लिए बजट तय होगा। बहरहाल इसकी प्रक्रिया शुरू होना ही शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है।

वाहनों के बोझ से राहत के साथ विकास भी
इस फोरलेन और बायपास निर्माण के बाद शहर के अंदर वाहनों के बोझ के बोझ से राहत मिलेगी, वहीं शहर की सीमा में भी विस्तार होगा। बायपास बनने से शहर का विस्तार उत्तर-पूर्व दिशा में होगा। लगभग सभी शहरों में बायपास बनते ही उसके आसपास कॉलोनियों का निर्माण भी शुरू हो जाता है, ऐसी ही सम्भावना यहां भी है। भोपाल रोड पर बने बायपास की ओर ऐसा होने भी लगा है।

अभी और प्रस्ताव बनाए जाएंगे
फोर लेन सड़क निर्माण के लिए नोटिफिकेशन जारी हो चुका है। बायपास निर्माण के लिए शासन द्वारा बजट प्रपोजल मांगा गया था, जो 27 करोड़ का बनाकर भेजा है। यह शुरुआती प्रपोजल है, अभी और प्रस्ताव बनाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *