बीरभूम हिंसा केस: ममता बनर्जी की चेतावनी, कहा- यदि सीबीआई भाजपा के निर्देशों पर चलेगी तो हम विरोध करने के लिए तैयार

कोलकाता
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट में हुई हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि मुझे अभी भी लगता है कि इस घटना के पीछे कोई साजिश है। इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपे जाने को लेकर उन्होंने कहा कि सीबीआई ने चार्ज संभाल लिया है यह अच्छी बात है, लेकिन यदि सीबीआई इस मामले में भाजपा के निर्देशों पर चलेगी तो हम विरोध करने के लिए तैयार हैं।

मंगलवार को बीरभूम में भड़क उठी थी हिंसा
बता दें कि सोमवार को टीएमसी के एक स्थानीय नेता भादु शेक की हत्या के बाद इलाके में हिंसा भड़क उठी थी और मंगलवार को रामपुरहाट इलाके में भीड़ ने कई घरों में आग लगा दी थी, जिसमें आठ लोगों की जलकर मौत हो गई। शनिवार को कोलकाता हाईकोर्ट के आदेश इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई। शुक्रवार को अदालत ने पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा गठित एसआईटी को मामले के कागजात और उसके द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों को केंद्रीय जांच एजेंसी को सौंपने का निर्देश दिया। एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि यह एक अच्छा निर्णय है, लेकिन अगर वे केवल भाजपा के निर्देशों का पालन करेंगे तो हम विरोध करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि मुझे अभी भी लगता है कि रामपुरहाट की घटना के पीछे कोई साजिश है। उन्होंने बीरभूम में हुई घटना को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तृणमूल के एक कार्यकर्ता की पार्टी के एक अन्य कार्यकर्ता ने हत्या कर दी, लेकिन हर जगह सिर्फ टीएमसी की आलोचना हो रही है। हमने मामले की जांच के लिए कई कदम उठाए हैं और रामपुरहाट की घटना का मूल कारण पता किया है।

सुवेंदु अधिकारी ने मांगा ममता बनर्जी का इस्तीफा
शनिवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता और भारतीय जनता पार्टी के नेता सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी के इस्तीफे और मामले में केंद्र के हस्तक्षेप की मांग को लेकर रामपुरहाट के एसडीओ कार्यालय के सामने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ धरना दिया। ममता बनर्जी ने आगे कहा कि ऐसी कई घटनाएं उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, त्रिपुरा और असम में हुई हैं। हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं को घटना स्थल तक नहीं पहुंचने दिया गया, लेकिन बीरभूम में हमने कभी किसी राजनीतिक दल को नहीं रोका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *