सहायक शिक्षक प्रशांत परमार के यहां पर EOW का छापा, झारखंड-राजस्थान तक फैली प्रॉपर्टी

भोपाल
ग्वालियर में सरकारी स्कूल के सहायक शिक्षक प्रशांत परमार के यहां पर ईओडब्ल्यू का छापा आज तड़के तीन बजे तक चलता रहा। इस दौरान उसके चारो ठिकानों से साढ़े सात लाख रुपए नगद, 36 लाख की ज्वेलरी, बैंक लॉकर्स के कई पासबुक मिली है। इसके अलावा झारखंड और राजस्थान से भी उसके तार जुड़ते जा रहे हैं। गौरतलब है कि शिक्षा माफिया निकले प्रशांत परमार के ग्वालियर स्थित चार ठिकानों पर ईओडब्ल्यू ने शनिवार को छापा डाला था। जिसमें उसके 8 स्कूल, कई कॉलेज, मैरिज गार्डन सहित करोड़ों की प्रापर्टी निकली थी।

ईओडब्ल्यू के डीजी अजय कुमार शर्मा के निर्देश पर ग्वालियर ईओडब्ल्यू एसपी बिट्टू सहगल के निर्देशन में यह पूरा आॅपरेशन किया गया। छापा रात तीन बजे तक चला जिसमें अलग-अलग ठिकानों से साढ़े सात लाख रुपए नगद मिले हैं। वहीं 800 ग्राम सोने के जेवर सहित लगभग 36 लाख रुपए की ज्वेलरी मिली है। इन सब के अलावा उनके पास से तीन बैकों के लॉकर्स भी मिले हैं। इन लॉकर्स को सोमवार को ईओडब्ल्यू की टीम चैक करेगी।

वहीं उसके ठिकानों से मिली बैंक पासबुक भी अभी पूरी तरह से अपडेट नहीं हैं। सोमवार को ईओडब्ल्यू की टीम इन सभी पासबुक की डिटेल्स बैंकों से लेगी और खाते फ्रिज करवाएगी। इसके अलावा ईओडब्ल्यू को यह भी पता चला कि परमार ने अपना पैसा लगाकर एक रिश्तेदार के नाम से झारखंड में भी कॉलेज बनाया है। राजस्थान के धौलपुर के पास बाड़ी में भी कृषि भूमि होने की जानकारी मिली है। ईओडब्ल्यू झारखंड और धौलपुर की जानकारी भी जुटा रही है। बताया जाता है कि यह अकूत संपत्ति परमार ने महज 15 सालों में जोड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *