ओबीसी को लेकर जारी सियासत में कांग्रेस के एक नेता ने खेला बढ़ा दांव

भोपाल । मध्य प्रदेश में ओबीसी को लेकर सियासत लगातार जारी है, इस बार कांग्रेस के एक नेता ने बढ़ा दांव खेला है। उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए सेना में अहीर रेजिमेंट बनाए जाने की मांग कर दी। उधर प्रदेश में हुई शिक्षक भर्ती परीक्षा के बाद ओबीसी के 13 प्रतिशत पद होल्ड करने का मामला भी अब विपक्ष उठा रहा है।

इसमें प्रदेश कांग्रेस के ओबीसी विभाग के नेताओं ने मोर्चा संभाला है।  प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने सोशल मीडिया पर अहीर रेजीमेंट की मांग उठाई है। इस पोस्ट पर उन्होंने यादवों को एक करने का भी कार्ड खेला है।

उन्होंने इस पोस्ट पर लिखा है कि ‘जय यादव जय माधव… अहीर रेजिमेंट, हक हमारा ’ इसके साथ ही उन्होंने अपनी पोस्ट पर यह भी लिखा ‘वीर अहीरों ने ठाना है, अहीर रेजिमेंट बनाना है, वीर थे रणधीर थे वो यदुंवंशी धारा के नीर थे, कैसे पीछे हटते वो तो अहीर थे। रेजांग ला के अदम्य वीरता और साहस के पर्याय वीर शहीदों को नमन करते हुए उनकी याद में भारतीय सेना में अहीर रेजिमेंट की मांग करता हूं’।

इधर धरने में शामिल हो रही ओबीसी कांग्रेस
भोपाल में शिक्षक भर्ती परीक्षा दे चुके ओबीसी के परीक्षार्थियों के धरने में कांग्रेस ओबीसी विभाग के नेता शामिल हो रहे हैं। इस संबंध में राज्यसभा सदस्य एवं कांग्रेस ओबीसी विभाग के अध्यक्ष राममणि पटेल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिख चुके हैं। ओबीसी के इन परीक्षार्थियों की मांग है कि उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा जाए। ऐसे करीब सौ से ज्यादा परीक्षार्थी पिछले कुछ दिनों से धरने पर बैठे हैं।
इन ओबीसी परीक्षार्थियों का सरकार ने 14 प्रतिशत आरक्षण अनुसार नियुक्तियां दी है, जबकि इनकी मांग है कि 27 प्रतिशत आरक्षण के अनुसार इन्हें नियुक्तियां दी जाएं।

हर दिन भेजेंगे 5 ईमेल
धरने पर बैठे परीक्षार्थी अब कांग्रेस के साथ मिलकर अपने धरने को आगे बढ़ाएंगे। इसके चलते अब वे प्रधानमंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित अन्य नेताओं को हर परीक्षार्थी प्रति दिन पांच-पांच ई-मेल अपनी नियुक्ति को लेकर करेंगे। इस अभियान के बाद कांग्रेस भी इस संबंध में बड़े आंदोलन कर सकती है। जिसमें प्रदेश कांग्रेस के सभी ओबीसी नेता शामिल हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *