डीएनए रिपोर्ट के कारण ट्रॉयल नहीं होने पर नाराज आला अफसर
भोपाल। डीएनए रिपोर्ट नहीं आने के कारण कोर्ट में कई आपराधिक मामलों का ट्रॉयल नहीं हो पा रहा है। इस संबंध में लोक अभियोजन के आला अफसरों ने नाराजगी जताते हुए सभी जिलों से ऐसे मामलों की डीएनए जांच की ताजा स्थिति मांगी है, जिनके कारण कोर्ट में ट्रॉयल अटका हुआ है।
कुछ दिन पूर्व हुई एफएसएल और डीएनए रिपोर्ट के मामलों की समीक्षा में यह सामने आया था कि कई मामलों में डीएनए रिपोर्ट के कारण आपराधिक मामलों का अदालत में ट्रॉयल अटक गया है। इससे पहले हाईकोर्ट भी एक मामले में जांच रिपोर्ट के अभाव में प्रदेश की प्रयोगशालाओं को आदेश दे चुका है। इसके बाद इस तरह के मामलों को लेकर लोक अभियोजन संचालनालय एक्टिव हो गया है। इसके चलते ही इस तरह के मामलों की समीक्षा अब लगातार की जा रही है।
इस समीक्षा में दौरान जिला अभियोजन अधिकारियों ने सभी लंबित रिपोर्टस की जानकारी संचालनालय को भेज दी, जबकि इस समीक्षा में रिपोर्ट उन मामलों की चाहिए थी कि जिनके कारण अदालत में फिलहाल ट्रॉयल रूका हुआ है। अब डायरेक्टर अभियोजन ने सभी जिला अभियोजन अधिकारियों से ऐसे मामलों की रिपोर्ट तलब की है, जिनके कारण कोर्ट में आपराधिक मामलों का टॉयल रुका हुआ है।
डायरेक्टर सीधे देखेंगे इन मामलों को
इस तरह के आपराधिक मामलों की डीएनए-एफएसएल रिपोर्ट जल्द आए, इस पर सीधी मॉनिटरिंग डायरेक्टर अन्वेष मंगलम करेंगे। उनकी मॉनिटरिंग से ऐसे मामलों की रिपोर्ट जल्द आएगी और कोर्ट में टॉयल जल्द शुरू हो सकेगा।
