सीएम योगी ने फ्री राशन योजना को तीन महीने बढ़ाया
लखनऊ
योगी 2.0 सरकार की पहली कैबिनेट की बैठक के बाद शनिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया कि यह योजना अगले तीन महीनों तक जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि अगले तीन महीनों तक 15 करोड़ लोगों को मुफ्त में खाद्यान्न को मुहैया कराया जाएगा. गल्ले की दुकानों को पहले ही अत्याधुनिक बनाया गया है. सरकार की कोशिश है कि इस योजना के तहत जिन लोगों को लाभ मिला है उन्हें बिना किसी परेशानी की यह सुविधा मिलती रहे.
फ्री राशन योजना को कोरोना काल के दौरान शुरु किया गया था. समय समय पर इसकी समय सीमा को बढ़ाया गया. 31 मार्च को यह योजना समाप्त हो रही थी. लेकिन यूपी सरकार ने अंत्योदय योजना के तहत शुरू किए गए इस कार्यक्रम को तीन महीने के लिए और बढ़ा दिया गया है. सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस योजना के तहत पांच किलो राशन के साथ साथ एक किलो तेल और आयोडाइज्ड नमक दिया जाएगा.
यूपी की योगी कैबिनेट में नए चेहरे के तौर पर शामिल किए गए जितिन प्रसाद के मुताबिक, बैठक के दौरान चुनाव में जनता से किए गए वादों को पूरा करने को लेकर रोडमैप तैयार होगा. इसके साथ ही बीजेपी की सरकार राज्य को एक बार फिर नंबर वन प्रदेश बनाने की दिशा में काम शुरू कर देगी. वहीं, योगी सरकार की एक और मंत्री बेबी रानी मौर्य ने आश्वस्त किया कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें न्याय दिलाने की दिशा में काम करेगी.
योगी सरकार 2.0 का पूरा फोकस युवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिलाओं, रोजगार सृजन और बुनियादी संरचनाओं के विकास पर होगा. बीजेपी की नजरें अब 2024 में होने वाले आम चुनाव पर हैं, जिसमें यूपी की अहम भूमिका को देखते हुए पार्टी किसी तरह की चूक नहीं चाहेगी. मंत्रिमंडल में जिन लोगों को शामिल किया गया है, उसमें भी जातीय समीकरणों के साथ इन तमाम बातों को ध्यान में रखा गया है.
वहीं, कैबिनेट बैठक के बाद दोनों डिप्टी सीएम एक साथ बाहर निकले. डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा कि इस फैसले सीधे 15 करोड़ लोगों को जिंदगी बदलेगी. वहीं, बृजेश पाठक ने कहा कि सरकार लगातार गरीबों का ध्यान रख रही है और करोड़ों परिवार को इसका सीधे लाभ मिलेगा.
कैबिनेट बैठक से पहले उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा था कि योगी 2.0 की आज पहली कैबिनेट बैठक है और आज की इस बैठक में संभव है कि कोई महत्वपूर्ण निर्णय लिया जाएगा और विभागों के वितरण को लेकर भी इस बैठक में चर्चा हो सकती है.
बता दें कि शुक्रवार को योगी आदित्यनाथ ने इकाना स्टेडियम में दोबारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी. शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित तमाम बड़े नेता मौजूद रहे. सीएम और डिप्टी सीएम सहित योगी कैबिनेट में 53 दिग्गज हैं. उत्तर प्रदेश की सियासत के कई मिथक तोड़ते हुए योगी आदित्यनाथ ने लगातार दूसरी बार उत्तर प्रदेश की कमान संभाल ली है.
डिप्टी सीएम- केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक
कैबिनेट मंत्री- सूर्य प्रताप शाही, सुरेश कुमार खन्ना, स्वतंत्र देव सिंह, बेबी रानी मौर्य, लक्ष्मी नारायण चौधरी, जयवीर सिंह, धर्मपाल सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, भूपेंद्र सिंह चौधरी, अनिल राजभर, जितिन प्रसाद, राकेश सचान, अरविंद कुमार शर्मा, योगेंद्र उपाध्याय, आशीष पटेल, संजय निषाद
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)- नितिन अग्रवाल, कपिलदेव अग्रवाल, रवीन्द्र जायसवाल, संदीप सिंह, गुलाब देवी, गिरीश चंद्र यादव, धर्मवीर प्रजापति, असीम अरुण, जेपीएस राठौर, दयाशंकर सिंह, नरेंद्र कश्यप, दिनेश प्रताप सिंह, अरुण कुमार सक्सेना, दयाशंकर मिश्र दयालु
राज्य मंत्री- मयंकेश्वर सिंह, दिनेश खटिक, संजीव गौड़, बलदेव सिंह ओलख, अजीत पाल, जसवंत सैनी, रामकेश निषाद, मनोहर लाल मन्नू कोरी, संजय गंगवार, बृजेश सिंह, केपी मलिक, सुरेश राही, सोमेंद्र तोमर, अनूप प्रधान, प्रतिभा शुक्ला, राकेश राठौर, रजनी तिवारी, सतीश शर्मा, दानिश आजाद अंसारी, विजय लक्ष्मी गौतम
