छग और पंजाब से अच्छी मध्यप्रदेश के गेहूं-धान की क्वालिटी: मुख्यमंत्री शिवराज
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को दिल्ली में देश के गेहूं निर्यातकों के साथ बैठक कर मध्यप्रदेश के गेहूं व धान को विदेशों में भेजने के संबंध में संवाद किया। मुख्यमंत्री चौहान ने इस दौरान निर्यातकों को मध्यप्रदेश में गेहूं व धान के उत्पादन और सरकार द्वारा किए जाने वाले उपार्जन के साथ यहां उत्पादित होने वाली आधुनिक किस्मों के बारे में भी अवगत कराया। सीएम चौहान ने कहा कि एमपी अब पंजाब से अधिक गेहूं उत्पादन करने वाले राज्यों में शुमार हो गया है। यहां के कुछ इलाकों की धान छग से अच्छी है। केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल की मौजूदगी में हुई बैठक में सीएम चौहान ने निर्यातकों को जीआई टैग वाले चावल की किस्म के बारे में भी जानकारी दी।
ये दिग्गज कारोबारी,अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में चेयरमैन रेलवे बोर्ड, सचिव केंद्रीय कृषि मंत्रालय, कामर्स मिनिस्ट्री, मिनिस्ट्री आफ पोर्ट्स, शिपिंग एंड वाटरवेज, चेयरमैन एपीडा, सीएमडी आईटीसी लिमिटेड, विक्टोरिया फाल इंगरीडिएंट्स दिल्ली, ग्रोवेल आर्गेनिक एंड इको प्राडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड जयपुर, ओलं एग्रो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड गुरुग्राम, सुपलेटेक इंडस्ट्रीज अमृतसर शामिल रहे। इसके साथ ही वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये चेयरमैन दीनदयाल पोर्ट ट्र्स्ट कांदला पोर्ट, जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट मुंदड़ा पोर्ट, चेयरमैन विशाखापट्टनम पोर्ट ट्रस्ट, चेयरमैन काकीनाड़ा पोर्ट और चेयरमैन कृष्णापट्टनम पोर्ट भी बैठक में शामिल हुए।
