द कश्मीर फाइल्स: ट्वीट को लेकर विवादों में आए IAS नियाज खान पर GAD का एक्शन प्लान रेडी
भोपाल
द कश्मीर फाइल्स फिल्म को लेकर लगातार ट्वीट कर रहे मध्यप्रदेश के आईएएस अधिकारी नियाज खान की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उनके लगातार ट्वीट को मर्यादा का उल्लंघन बताते हुए जवाब तलब करने की बात कही थी। इसके बाद जीएडी आज उन्हें नोटिस जारी कर सकता है। इसकी जानकारी डीओपीटी को भी दी जाएगी। दूसरी ओर नियाज खान ने नोटिस से पहले ही तल्ख जवाब दिया है। नियाज ने कहा यदि अभिव्यक्ति की आजादी नहीं है तो ट्वीट करना ही छोड़ दूंगा।
द कश्मीर फाइल्स फिल्म को लेकर किए गए ट्वीट को लेकर विवादों में आए आईएएस नियाज खान को सामान्य प्रशासन विभाग सिविल सेवा आचरण संहिता के उल्लंघन को लेकर नोटिस देने की तैयारी कर ली है। नोटिस आज ही जारी कर दिया जाएगा। इधर नियाज खान का कहना है कि मंैने क्या गलत कहा । अभिव्यक्ति की आजादी में मुझे अपनी बात कहने का अधिकार है। यदि इस तरह नोटिस दिए गए तो मै ट्वीट करना ही बंद कर दूंगा।
फिल्म कश्मीर फाइल्स को लेकर फिल्म और बॉलीवुड पर चार ट्वीट करने के कारण राज्य सरकार के निशाने पर आए लोक निर्माण विभाग के उपसचिव आईएएस नियाज खान को नोटिस दिए जाने के संकेत कल ही गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा दे चुके थे। उन्होंने कहा था कि नियाज अधिकारियों के लिए तय लक्ष्मण रेखा को लांघ रहे है। उनसे जवाब तलब किया जाएगा चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और विधायक रामेश्वर शर्मा ने इन ट्वीट को लेकर नियाज खान को आड़े हाथो लिया है।
आज जारी करेंगे नोटिस
इधर सामान्य प्रशासन विभाग की प्रमुख सचिव दीप्ती गौड़ मुकर्जी का कहना है कि आईएस नियाज खान द्वारा सार्वजनिक रुप से सोशल मीडिया पर किए गए ट्वीट को लेकर सामान्य प्रशासन विभाग उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर रहा है। डीओपीटी को भी इसकी सूचना दी जाएगी।
नियाज लगातार करते रहे हैं फिल्म को लेकर ट्वीट
- ट्वीट 1- कश्मीर फाइल ब्राम्हणों का दर्द दिखाती है। उन्हें कश्मीर में सुरक्षित रखने की अनुमति दी जाना चाहिए। फिल्म निर्माता को कई राज्यों में बड़ी संख्या में मुसलमानों की हत्याओं को दिखाने के लिए भी एक फिल्म बनानी चाहिए। मुसलमान कीड़े नहीं।
- ट्वीट 2-फिल्म की कमाई डेढ़ सौ करोड़ तक पहुंच चुकी है। लोगों ने कश्मीरी ब्राम्हणों की भावनाओं का सम्मान किया है। मैं निर्माता का सम्मान करुंगा यदि वो सारी कमाई ब्राम्हण बच्चों की शिक्षा और कश्मीर में उनके घर बनाने के लिए दे दे तो यह एक महान दान होगा।
- ट्वीट 3-वो अलग-अलग मौकों पर मुसलमानों के नरसंहार को दिखाने के लिए एक किताब लिखने की सोच रहे है ताकि निर्माता कश्मीर फाइल्स जैसी फिल्म बना सके। अल्पसंख्यकोंं के दर्द और पीड़ा को देशवासियों के सामने लाया जा सके।
- ट्वीट 4- वॉलीवुड के सुपरस्टार सिर्फ पर्दे के हीरो है। उन्हें असली पठान हीरो पसंद है नकली हीरो नहीं। मेरे हीरो सोनू सूद और नाना पाटेकर है।
