कश्मीर में पंडितों से 50 गुना अधिक हुआ मुसलमानों को नुकसान: सज्जाद लोन का दावा

श्रीनगर।

जम्मू-कश्मीर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद लोन ने 'द कश्मीर फाइल्स' को काल्पनिक काम बताते हुए कहा कि फिल्म के निर्माता देश को नफरत में डुबो देंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि कश्मीरी मुसलमानों को पंडितों की तुलना में 50 गुना अधिक नुकसान हुआ है।

उन्होंने कहा, "कश्मीरी पंडितों के साथ अन्याय के बारे में कोई संदेह नहीं है। कश्मीरी मुसलमानों ने पंडितों की तुलना में 50 गुना अधिक प्रताड़ना झेली है। आप सिर्फ एक समुदाय के दर्द का दस्तावेजीकरण नहीं कर सकते। हम सब इसमें एक साथ हैं। मैंने अपने ही पिता को खो दिया है।" आपको बता दें कि सज्जाद लोन जम्मू-कश्मीर के पूर्व मंत्री हैं।

उन्होंने आगे कहा कि 1990 के दशक में कश्मीरी मुसलमान पंडितों की तरह लाचार थे। उन्होंने कहा, "यहां हर किसी ने प्रताड़ना झेला है, हालांकि उन्होंने (फिल्म निर्माताओं ने) अतिरंजित किया है। वे यह नहीं जानते हैं कि पंडित आज भी हमारे साथ रह रहे हैं। क्या उन्होंने उनके बारे में सोचा है? वे हमारे भाई हैं और हम उनसे प्यार करते हैं लेकिन 1990 के दशक में हम कश्मीरी पंडितों की तरह असहाय थे।"
 

उन्होंने कहा, "मैं प्रधानमंत्री से उन्हें (विवेक अग्निहोत्री) को राज्यसभा सांसद बनाने की अपील करता हूं। अब एक नया चलन है कि विवेक अग्निहोत्री और अनुपम खेर जैसे लोग राज्यसभा जाने के लिए बेताब हैं। उन्हें राज्यसभा भेजा जाना चाहिए, नहीं तो वे इस देश को नफरत में डुबो देंगे।"

आपको बता दें कि 'द कश्मीर फाइल्स' फिल्म 1990 के दशक में घाटी से कश्मीरी पंडितों के पलायन पर केंद्रित है। यह फिल्म 11 मार्च को रिलीज होने के बाद से ही विवादों में घिर गई है। इसको लेकर भाजपा और विपक्षी दल आपस में भिड़ गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *